अंबिकापुर. शहर के नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल और पानी टंकी के समीप बिजली कंपनी की भारी लापरवाही ने एक आठ साल के मासूम बच्चे की जान ले ली. रक्षाबंधन के दिन खुशियों के बीच घटी इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. साइकिल चला रहा कक्षा दूसरी का छात्र चिराग सिंह टूटे सर्विस वायर के साथ लटक रहे जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिसमें हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिंटू सिंह का पुत्र चिराग अपने घर के पास साइकिल चला रहा था. तभी वह सड़क किनारे असुरक्षित तरीके से लटक रहे जीआई तार की चपेट में आ गया. करंट का झटका इतना तेज था कि बच्चा उछलकर पास की नाली में जा गिरा. स्थानीय लोग और परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे के शरीर पर झुलसने के गंभीर निशान पाए गए हैं.
असुरक्षित ट्रांसफार्मर और चरमराई व्यवस्था से रोष
घटना के बाद आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लगा ट्रांसफार्मर लंबे समय से असुरक्षित है. न तो वहां कोई सुरक्षा जाली लगी है और न ही फेंसिंग की गई है. शहर में जगह-जगह खुले और नंगे तार जानलेवा बनकर लटक रहे हैं. बार-बार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
विभाग का रुख और मुआवजे का आश्वासन
बिजली कंपनी के सहायक अभियंता अक्षय कुमार ने बताया कि रात में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से सर्विस वायर टूटा था, जिसे बांधकर कनेक्शन काट दिया गया था. जीआई तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है. वहीं, स्थानीय वार्ड पार्षद अनीता रविंद्र गुप्त भारती ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और शासकीय मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

