मैहर रेलवे स्टेशन के पानी की टंकी में मिला शव, निरीक्षण करने पहुंचे रेलकर्मचारियों ने देखा तो मचा हड़कम्प

मैहर रेलवे स्टेशन के पानी की टंकी में मिला शव, निरीक्षण करने पहुंचे रेल कर्मचारियों ने देखा तो मचा हड़कम्प

प्रेषित समय :18:44:31 PM / Sun, Aug 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मैहर. जबलपुर रेल मंडल के मैहर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार सुबह आरपीएफ थाने के पीछे बने पानी के टैंक में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला. इस घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे रेलवे कर्मचारी आरपीएफ थाने के पीछे स्थित पानी के टैंक का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी. सूचना मिलने पर आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया. शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवा दिया गया है.

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है. बताया गया है कि मृतक की दोनों चप्पलें भी टैंक के पास मिली हैं, जिनमें से एक पानी में और दूसरी टैंक की बाउंड्री पर थी. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बुजुर्ग व्यक्ति पानी की टंकी तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. शव का पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-