जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा-मझौली रोड पर दर्शनी गांव के पास आज दोपहर करीब 2 बजे एक मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों में से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चालक सिहोरा से मझौली की दिशा में जा रहा था, जबकि ई-रिक्शा मझौली से सिहोरा की ओर आ रहा था. पान बरेजा के पास दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ई-रिक्शा में सवार घायल सड़क पर ही पड़े रहे. स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को जननी और निजी एंबुलेंस के माध्यम से सिहोरा सिविल अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पोंडा निवासी 21 वर्षीय प्रीति कोल को मृत घोषित कर दिया. घायलों में 18 वर्षीय सुधा रावत, 19 वर्षीय जानकी रावत, 26 वर्षीय नेहा कोल, 55 वर्षीय सुखवंती बाई कोल, 7 वर्षीय दुर्गा कोल और 6 वर्षीय अभि कोल शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल राजकुमार कोल (35), अनुराग (11) और शुभम कोल (40) को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. अन्य घायलों का इलाज सिहोरा अस्पताल में जारी है.

