यूपी : कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक दर्जन लोग झुलसे, 2 किलोमीटर दूर से दिखा धुएं का गुबार

यूपी : कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक दर्जन लोग झुलसे, 2 किलोमीटर दूर से दिखा धुएं का गुबार

प्रेषित समय :13:54:36 PM / Mon, Aug 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कौशाम्बी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई है. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त करीब 12 मजदूर फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे, इसी दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें सभी लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं. यह पटाखा फैक्ट्री मनोरी स्थित एयर फोर्स स्टेशन के काफी नजदीक थी, जिसके बाद एयरफोर्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है.

जानकारी के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे, इसी दौरान विस्फोट होने के बाद फैक्ट्री में आग लग गई. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक विस्फोट की आवाज सुनाई दी. वहीं, 2 किलोमीटर दूर से ही धुएं का अंबार दिखाई दे रहा था. घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया. गनीमत यह है कि पटाखा फैक्ट्री रिहायशी इलाके से कुछ दूर पर बनी थी. वरना कई मकान भी इसकी चपेट में आ जाते. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को फैक्ट्री से बाहर निकाला.

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. वहीं, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झूलसे हुए लोगों को चारपाई पर लादकर स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचाएं हैं. हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार का आधिकारिक बयान इस मामले में सामने नहीं आया है. फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने में जुट गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-