जबलपुर. एमपी में अगस्त माह के दौरान हुई लगातार भारी वर्षा और चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बावजूद मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. कंपनी ने अगस्त माह में कुल 135.90 सर्किट किलोमीटर लंबाई की 132 केवी की कुल 6 ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण एवं सेकंड सर्किट के कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं. इसमें रेलवे के लिए तैयार की गई एक महत्वपूर्ण लाइन भी शामिल है.
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता केएम सिंघल ने बताया कि अगस्त माह में 132 केवी डबल सर्किट सिंगल स्ट्रिंग आलोट-ताल ट्रांसमिशन लाइन के सैंकड सर्किट का 19.56 सर्किट किलोमीटर, गंज बासौदा-सहरवासा लाइन के सैंकड सर्किट का 28.92 सर्किट किलोमीटर तथा कैमोर-बरही लाइन के सैंकड सर्किट का 32.40 सर्किट किलोमीटर कार्य पूर्ण किया गया. उन्होंने बताया कि 132 केवी सबस्टेशन सनावद से आर टी एस निमारखेड़ी तक 15.90 सर्किट किलोमीटर लंबी 132 केवी डबल फेज डबल वायर रेलवे ट्रैक्शन लाइन का निर्माण कार्य गंभीर निर्माण चुनौतियां के कारण लंबी अवधि से पूर्ण नहीं हो पा रहा था.
जिसे स्थानीय प्रशासन ने भरपूर योगदान प्रदान कर कार्य पूर्ण कराने में एमपी ट्रांसको का सहयोग किया और रेल्वे के इस लाईन कार्य को भी गहन वर्षाकाल मे पूर्ण किया गया. इसके अतिरिक्त बिलकिसगंज-मुगालिया छाप लाइन के सैंकड सर्किट का 17.27 सर्किट किलोमीटर तथा रतनगढ़-सिंगोली लाइन के सैंकड सर्किट का 21.85 सर्किट किलोमीटर निर्माण कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया. श्री सिंघल ने बताया कि इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रांसमिशन क्षमता में वृद्धि होगी तथा विद्युत प्रणाली की विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता को और मजबूती मिलेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

