रीवा-सीधी हाईवे पर बस और बलकर की भीषण भिड़ंत, कई यात्री घायल रेस्क्यू के बाद अस्पतालों में भर्ती

रीवा-सीधी हाईवे पर बस और बलकर की भीषण भिड़ंत, कई यात्री घायल रेस्क्यू के बाद अस्पतालों में भर्ती

प्रेषित समय :19:54:20 PM / Wed, Sep 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रीवा. रीवा-सीधी मार्ग पर बुधवार शाम बदवार स्टैंड के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर सीधी की ओर से आ रही यात्री बस और रीवा की तरफ से आ रहे बलकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई यात्री घायल हो गए. शुरुआती जानकारी में करीब 20 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है.

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया. क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस तथा उपलब्ध वाहनों से रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया.

हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया. रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लिया. गुढ़ एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और जरूरत के अनुसार उन्हें अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए.

हादसे में घायल यात्रियों में सुजीत कुमार गुप्ता, अनिल साकेत, मनवसुआ साकेत, सबीना बेगम, रामपाल पटेल, आंजली पटेल, ब्रिजेन्द्र कुमार पटेल, मोहम्मद अंसारी, शिवानी पटेल, मोहम्मद इरशाद रजा अंसारी, मोहम्मद इब्राहिम, संजू पटेल, श्याम बाबू, पुनीत शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं. इनमें सुजीत कुमार गुप्ता, गीता पटेल और करीब 12 वर्षीय धीरज को गंभीर स्थिति के चलते आईसीयू में भर्ती किए जाने की जानकारी दी गई है. एक अज्ञात व्यक्ति के मृत होने की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि मृतकों की संख्या और पहचान की अंतिम आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से किया जाना बाकी है.

घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क को यातायात के लिए व्यवस्थित करने की कार्रवाई की गई. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है. प्रारंभिक तौर पर आमने-सामने की टक्कर की जानकारी सामने आई है, लेकिन दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी स्पष्ट स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

रीवा-सीधी मार्ग पर इससे पहले भी सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं. भारी वाहनों और यात्री वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर किसी भी छोटी चूक का परिणाम गंभीर हो सकता है. बुधवार की दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार, वाहन संचालन में सावधानी और सड़क पर यातायात अनुशासन की जरूरत को सामने ला दिया है. फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान घायलों के उपचार और राहत कार्य पर है, जबकि पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-