सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (केेएमपी) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया. खरखौदा के आईएमटी के पास एक ईको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ईको सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 मजदूर घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने ईको में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले 12 लोग एक ठेकेदार के साथ ईको गाड़ी में सवार होकर हरियाणा के झज्जर जिले में बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे. सभी मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए अपने घरों से निकले थे.
ईको जब खरखौदा क्षेत्र में आईएमटी के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे नौ मजदूर घायल हो गए. हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घायलों की पहचान नेवाराम, प्रमोद, संजीव, महेंद्र पाल, फातिलाल, हरिशंकर, खुशाली, छोटू और विवेक के रूप में हुई है. सभी को इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रोहतक रेफर किया गया है.
उधर, पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया है. मृतकों की पहचान के बाद उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है. खरखौदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ईको को किस वाहन ने टक्कर मारी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


