जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पाटन स्थित बगदरी फॉल में चोरी के शक में 12 साल के दो बच्चों का बदमाशों ने जमकर पीटा और उनके कपड़े उतरवाकर नग्न अवस्था में वीडियो बनाया. वीडियो में युवक 'तुम चोर हो, तुम लोगों ने चोरी की कहकर बच्चों को धमकाते रहे. बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
खबर है कि पाटन निवासी दोनों नाबालिग बगदरी फॉल घूमने गए थे. इसी दौरान दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे. युवकों ने वाटर फॉल के पास अपने कपड़े रखे और नहाने चले गए. इसी दौरान वहां घूम रहे दोनों बच्चों पर युवकों ने उनके कपड़ों से रुपए निकालने का आरोप लगा दिया. आरोप लगाने वाले युवकों ने दोनों बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी. बच्चे छोड़ दीजिए भैया, हमने कोई चोरी नहीं कीÓ कहते रहे, लेकिन आरोपियों ने मारपीट नहीं रोकी.
दोनों बच्चों को निर्वस्त्र कर घुमाया-
बच्चे खुद को निर्दोष बताते हुए बार-बार चोरी करने से इनकार करते रहे, लेकिन दोनों बच्चों के कपड़े उतरवा दिए. उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया. वीडियो में बच्चे लगातार चोरी से इनकार करते और अपने पिता को फोन लगाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. बच्चों का कहना था कि जमीन पर रखे रुपए उनके ही हैं. इसके बावजूद युवकों ने उनकी बात नहीं मानी. वहां मौजूद लोगों के सामने बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप है. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस को इसकी जानकारी मिली.
मोबाइल भी छीना, शराब के लिए रुपए मांगने का आरोप-
बच्चों के मुताबिक, उनके पास मोबाइल फोन भी था, जिसे वीडियो बनाने वाले लड़कों ने छीन लिया. रुपए निकालने के बाद उनसे शराब के लिए पैसे मांगे गए. इस दौरान एक युवक लगातार मोबाइल से वीडियो बनाता रहा.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय-
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली. वीडियो में दो नाबालिग बच्चों को निर्वस्त्र कर मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है. मामले की जांच के निर्देश पाटन थाना प्रभारी को दिए गए हैं. वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

