जबलपुर: शहर के सिविल लाइन से गोरखपुर तक दौड़ी एसी ई-बस, मंत्री और महापौर ने किया सफर, इन मार्गों पर चलेगी

जबलपुर: शहर के सिविल लाइन से गोरखपुर तक दौड़ी एसी ई-बस, मंत्री और महापौर ने किया सफर, इन मार्गों पर चलेगी

प्रेषित समय :18:59:12 PM / Fri, Sep 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के सार्वजनिक परिवहन को प्रदूषण मुक्त व आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से पीएम ई-बस सेवा का पहला सफल ट्रायल पूरा हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर आरएस राय, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सौरभ मिश्रा, सीईओ सचिन विश्वकर्मा, शीतल उपाध्याय एवं एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव व रजनी कैलाश साहू ने सिविल लाइन चौक से गोरखपुर तक वातानुकूलित बस में सफर कर व्यवस्थाओं का मुआयना किया. शहर को आवंटित 100 बसों में से 40 वाहन डिपो पहुंच चुके हैं. 10 गाडिय़ों से शुरू हुआ यह परिचालन अगले चरण में 20 तक बढ़ाया जाएगा.

इन रूट्स पर होगा बसों का संचालन

प्रारंभिक चरण के अंतर्गत दो प्रमुख रूटों पर 5-5 बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया है. मार्ग क्रमांक ई-1 के अंतर्गत बसें मदर टेरेसा नगर से प्रारंभ होकर आई.टी.आई., दीनदयाल बस स्टैंड, विजय नगर, बलदेव बाग, रानीताल, तीन पत्ती बस स्टैंड, नौदरा ब्रिज, घंटाघर, कलेक्ट्रेट, रेलवे प्लेटफॉर्म 6, हाई कोर्ट, घमापुर, बाई का बगीचा, कांचघर, सतपुला तिराहा, पनेहरा पेट्रोल पंप, व्हीकल टर्निंग, गोकलपुर, जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, रांझी, खमरिया पेट्रोल पंप और खमरिया फैक्ट्री होते हुए घाना तक चलेंगी. इसी तरह दूसरा मार्ग ई-9 आई.एस.बी.टी. से शुरू होकर दमोह नाका, बलदेव बाग, रानीताल, तीन पत्ती बस स्टैंड, शास्त्री ब्रिज, मदन महल, प्रेमनगर, शारदा चौक, त्रिपुरी चौक, मेडिकल, धन्वंतरि नगर तिराहा, अंधमूक बायपास, तेवर, त्रिपुर सुंदरी मंदिर, कूढऩ, मीरगंज, भेड़ाघाट चौक, शिल्पी नगर, पंचवटी और धुआंधार तक निर्धारित है.

आधुनिक सुरक्षा तकनीक व सुविधाओं से लैस गाडिय़ां

इन इलेक्ट्रिक वाहनों में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष व्हीलचेयर लिफ्ट और 25 आरामदायक सीटें लगाई गई हैं. चढऩे व उतरने के लिए 2 ऑटोमैटिक दरवाजे दिए गए हैं जो सिर्फ निर्धारित पड़ाव पर ही खुलते हैं. यात्रियों को अगले स्टॉपेज की जानकारी देने हेतु स्वचालित पैसेंजर अनाउंसमेंट तथा रूट डिस्प्ले स्क्रीन लगी है. महिलाओं की रक्षा के लिए पैनिक बटन और रियल टाइम मॉनिटरिंग हेतु सी.सी.टी.व्ही. सर्विलांस सिस्टम सक्रिय रहता है. तकनीकी स्तर पर आग के खतरों की पूर्व सूचना देने वाला एफ.डी.ए.एस. फायर डिटेक्शन अलार्म व झटकों से बचाने के लिए एयर सस्पेंशन दिया गया है. भीड़भाड़ व तंग गलियों में सहज आवागमन के लिहाज से वाहनों का आकार विशेष रूप से कॉम्पैक्ट रखा गया है. निरीक्षण के तुरंत बाद सभी जन-प्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भव्य चलित शोभायात्रा में पहुंचकर विधिवत पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-