जबलपुर. रांझी क्षेत्र में किराना व्यापारी पर चाकू से हमला करने के बाद फरार हुए दो आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चांदमारी घमापुर में अपने साथी के घर को ठिकाना बना लिया था. कई दिनों तक यहां छिपकर रहने के बाद दोनों पुलिस की गिरफ्त में आ गए. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार रांझी निवासी किराना व्यापारी अभिषेक श्रीपाल पर चाकू से हमला किया गया था. हमले में घायल व्यापारी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और निशानदेही के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. मामले में मुख्य आरोपी नितिन साहू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन राज चौधरी और शिवा राणे फरार चल रहे थे.
तफ्तीश के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के चांदमारी घमापुर में छिपे होने की जानकारी मिली. गुरुवार रात दबिश देकर पुलिस ने मानेगांव निवासी राज चौधरी और शिवा राणे को पकड़ लिया. पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि वारदात के बाद उन्होंने अपने साथी निखिल गोटिया के घर पर शरण ली थी. पुलिस ने जब निखिल के मकान पर तलाश की तो वह फरार मिला. पुलिस ने आरोपियों को अपने घर में आश्रय देने के मामले में उसके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं.
पुलिस ने शिवा राणे के पास से चाकू बरामद कर उसे जब्त कर लिया. चाकू मिलने के कारण उसके खिलाफ अलग से आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है. पुलिस अब फरार निखिल गोटिया की तलाश कर रही है. मामले में पुलिस आरोपियों के संपर्क, फरारी के दौरान उन्हें मिली मदद और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

