पमरे के विद्युत विभाग की अभिनव पहल: 3-फेज विद्युत इंजनों की टूल बॉक्स लॉकिंग व्यवस्था में किया गया उपयोगी सुधार

पमरे के विद्युत विभाग की अभिनव पहल: 3-फेज विद्युत इंजनों की टूल बॉक्स लॉकिंग व्यवस्था में किया गया उपयोगी सुधार

प्रेषित समय :19:30:03 PM / Fri, Sep 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल, महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के निर्देशन में विद्युत विभाग द्वारा रेल परिचालन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं. इसी क्रम में 3-फेज विद्युत इंजनों में लोको पायलट द्वारा उपयोग किए जाने वाले टूल बॉक्स की लॉकिंग व्यवस्था में एक सरल, उपयोगी एवं मूल्य कुशल सुधार किया गया है.

पश्चिम मध्य रेल के कोटा मंडल स्थित तुगलकाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य किया जाता है. यहां 3-फेज विद्युत इंजनों के टूल बॉक्स में लगे पारंपरिक सेपरेट लॉक एवं चाबी की व्यवस्था को अब बटन लिवर चाबी (BL Key) से संचालित होने वाले लॉक से प्रतिस्थापित किया गया है.

इस सुधार के बाद लोको पायलट को टूल बॉक्स खोलने अथवा बंद करने के लिए अलग से चाबी रखने की आवश्यकता नहीं होगी. वह अपने पास उपलब्ध बटन लिवर चाबी (BL Key) से ही टूल बॉक्स को संचालित कर सकेगा. इससे न केवल अतिरिक्त चाबी रखने की आवश्यकता समाप्त हुई है, बल्कि टूल बॉक्स में रखे आवश्यक उपकरणों की सुरक्षा भी बेहतर होगी.

सुधार से होने वाले प्रमुख लाभ

संचालन में सुविधा: लोको पायलट उपलब्ध बटन लिवर चाबी (BL Key) से ही टूल बॉक्स को आसानी से संचालित कर सकेगा. अतिरिक्त चाबी की आवश्यकता नहीं रहेगी.
सुरक्षा में वृद्धि: बटन लिवर चाबी (BL Key) लोको पायलट के पास रहने से टूल बॉक्स तक अनाधिकृत लोगों के पहुंच की संभावना कम होगी.
सरल एवं लागत प्रभावी समाधान: मौजूदा टूल बॉक्स में केवल लॉक को बदलकर यह सुधार लागू किया जा सकता है, जिसके लिए किसी बड़े संशोधन की आवश्यकता नहीं है.

यह अभिनव सुधार सरल, विश्वसनीय एवं लागत प्रभावी लॉकिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोको पायलट की कार्यसुविधा बढ़ाता है तथा 3-फेज विद्युत इंजनों में उपलब्ध आवश्यक उपकरणों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करता है.

पश्चिम मध्य रेल सुरक्षित, विश्वसनीय, आधुनिक एवं दक्ष रेल परिचालन के साथ-साथ नवीन तकनीकों और स्वदेशी नवाचारों को निरंतर बढ़ावा दे रहा है. इस प्रकार के सरल एवं उपयोगी नवाचार न केवल रेल परिचालन की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि संसाधनों के बेहतर उपयोग, सुरक्षा में वृद्धि तथा रेल सेवाओं को अधिक भरोसेमंद बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-