एमपी के मुरैना में हाईवे पर ट्राले ने 3 महिलाओं को कुचलता हुआ मकान में घुसा, मृतकों में सास-बहू शामिल

एमपी के मुरैना में हाईवे पर ट्राले ने 3 महिलाओं को कुचलता हुआ मकान में घुसा, मृतकों में सास-बहू शामिल

प्रेषित समय :19:00:23 PM / Sat, Sep 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना शहर के घिरोना मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद मंगल आरती में शामिल होकर घर लौट रहीं 3 महिलाओं को नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार ट्राला ने कुचल दिया. भीषण हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं सास-बहू हैं. तीसरी महिला उनकी पड़ोसी है. मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया.

मुरैना में कृष्ण जन्मोत्सव की रात हुए दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. हरफूल का पुरा गांव निवासी तीनों महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम देखने घिरोना मंदिर गई थीं. भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद मंगल आरती में शामिल होकर तीनों महिलाएं पैदल हाईवे के किनारे अपने घर की ओर लौट रही थीं. ट्राला मुरैना से धौलपुर की ओर जा रहा था, लेकिन ये जैसे ही घिरोना मंदिर के पास पहुंचा तो तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करता हुआ दूसरी साइड पहुच गया, जहां तीन महिलाओं को कुचल दिया.

ट्राला जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार

हादसे के बाद ट्रोला भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा. स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. मृतकों की पहचान 25 वर्षीय पूनम पत्नी धर्मवीर कुशवाह, 50 वर्षीय कमला पत्नी बालकिशन कुशवाह और 57 वर्षीय कमला देवी पत्नी फूलसिंह कुशवाह सभी निवासी हरफूल का पुरा के रूप में हुई. पूनम और कमला आपस में सास-बहू थीं, जबकि कमला देवी पड़ोस में रहती थीं. हादसे में तीन महिलाओं की मौत की खबर से हरफूल का पुरा गांव में मातम पसरा है.

घटनास्थल पर स्पीडब्रेकर बनाने की मांग

शनिवार सुबह तीनों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए. पीडि़त परिजन राजपाल कशुवाहा ने बताया घिरोना मंदिर के पास हाईवे पर आए दिन हादसे होते हैं. अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है. यहां स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई. हाईवे से गुजरने वाले भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करना जरूरी है.

दो महिलाओं की अस्पताल में मौत

सिविल लाइन थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर गुलाब सिंह ने बताया जन्माष्टमी की रात 3 महिलाएं घिरोना मंदिर से अपने गांव लौट रही थीं. इसी दौरान ट्राले ने तीनों महिलाओं को कुचल दिया. एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-