समस्तीपुर. बिहार में ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से शराब तस्करी का मामला सामने आया है. समस्तीपुर में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में दो सूटकेस से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. मामले में एक युवती और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती कब से शराब की तस्करी कर रही थी और दरभंगा में शराब की खेप किसे पहुंचाई जानी थी.
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से जयनगर जाने वाली 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में एक युवती शराब लेकर सफर कर रही है. ट्रेन के समस्तीपुर पहुंचने से पहले ही पुलिस और आरपीएफ की टीम को तैनात कर दिया गया था. ट्रेन के पहुंचते ही फर्स्ट एसी कोच की तलाशी ली गई. इस दौरान युवती के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं. गिरफ्तार युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा झा (25) के रूप में हुई है. उसके साथ हरियाणा के करनाल जिले के सदर थाना क्षेत्र निवासी ईशान कुमार (31) को भी गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि ईशान, नेहा की बड़ी बहन का देवर है.
परिवार पर भी उठे सवाल
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नेहा के पिता भी पहले शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं. स्थानीय स्तर पर उसके परिवार के शराब के कारोबार से जुड़े होने की चर्चा है. हालांकि पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है. पुलिस को आशंका है कि नेहा इससे पहले भी दिल्ली से बिहार शराब की खेप ला चुकी हो सकती है. जीआरपी अब उसके पुराने रिकॉर्ड, मोबाइल संपर्क और संभावित खरीदारों की जानकारी खंगाल रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब दरभंगा में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी.
पुराने संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस
जीआरपी इंस्पेक्टर बीरबल कुमार के अनुसार, नेहा की शराब के साथ यह पहली गिरफ्तारी है. हालांकि पुलिस को संदेह है कि वह पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल रही हो सकती है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. मामले में आगे की जांच जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

