कटनी. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी रेलवे स्टेशन से तेलंगाना पुलिस की हिरासत से शुक्रवार 4 सितम्बर की सुबह आर्म्स एक्ट का एक आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया. आरोपी को दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस से हैदराबाद ले जाया जा रहा था. घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
हैदराबाद के नाचाराम थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में तेलंगाना पुलिस ने बिहार के बगहा (पश्चिम चंपारण) से चार आरोपियों- आशीष कुमार, संदीप महाजन, शशि कुमार और संदीप कुमार (30) को गिरफ्तार किया था. पुलिस टीम चारों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12792) से तेलंगाना लौट रही थी.
शौचालय ले जाने के दौरान भागा आरोपी
कटनी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान जब एक पुलिसकर्मी एक आरोपी को शौचालय ले गया, तभी मौका देखकर आरोपी संदीप कुमार (पिता हरिशचंद्र) ने चालाकी से हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और ट्रेन से उतरकर स्टेशन के अंधेरे का फायदा उठाकर गायब हो गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही कटनी जीआरपी ने मामला दर्ज कर स्टेशन, प्लेटफॉर्म, मुड़वारा, साउथ स्टेशन और आउटर इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया. जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि स्टेशन व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जरूरत पडऩे पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी की एक विशेष टीम को उसके गृह ग्राम बिहार भी भेजा जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

