जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कुण्डम पुलिस को सफलता मिली है. गश्त के दौरान पुलिस ने समनापुर गांव के पास एक संदिग्ध बलेनो कार से 35 कार्टून में रखी 1750 पाव देशी शराब पकड़ी. इस शराब की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने फरार कार चालक को रांझी से गिरफ्तार कर लिया है.
थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवान ने बताया कि रूटीन गश्त के दौरान समनापुर गांव के कच्चे रास्ते पर कुएं के पास एक बलेनो कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली. आसपास कोई चालक नहीं दिखा. ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर से टोचन कराकर गाड़ी को थाने लाया गया. जांच में कार के अंदर खाकी रंग के कई कार्टून मिले. इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के नंबर से मालिक की जानकारी निकाली और उससे संपर्क किया. मालिक ने बताया कि उसने यह कार किराए पर चलाने के लिए दी थी.
मिली जानकारी के आधार पर कुण्डम पुलिस ने तुरंत रांझी के मड़ई (कोलियाना मोहल्ला) में दबिश दी. वहां से चालक अनुष कोल (पिता सुरेश कोल) को उसके घर से पकड़ लिया. आरोपी चालक को थाने लाकर कार की चाबी से डिग्गी और अंदर की तलाशी ली गई. इसमें 35 पेटी देशी शराब मिली. पुलिस ने अवैध शराब और बलेनो कार जब्त कर ली. आरोपी अनुष कोल के खिलाफ आबकारी अधिनियम / बीएनएस की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई करनी थी.

