जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल क्षेत्र में सड़क पर लड़ रहे दो सांडों में से एक ने पैदल जा रहे युवक रवि यादव को उठाकर पटक दिया. इसके बाद सांड उसके ऊपर से गुजरते हुए भाग गए. घटना में घायल युवक को स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बताया गया है कि बीती शाम हनुमानताल क्षेत्र में दो सांड आपस में लड़ रहे थे. इस दौरान रवि यादव निवासी गोराबाजार निकला, देखा तो दुकान के साथ उपस्थित लोग सांडों को हटाने के लिए पानी डाल रहे है. तभी एक सांड ने पीछे से रवि पर हमला कर दिया और उसे उठाकर सड़क पर पटक दिया. रवि को पटकते देख लोगों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई. लोगों ने किसी तरह सांडों को भगया और उसे ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि मृतक दूध व्यवसायी था और दूध लेकर आया था. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में 20 हजार से अधिक आवारा मवेशी हैं. इन्हें पकडऩे के लिए 80 कर्मचारी लगाए गए हैं और रोजाना 70 से 80 मवेशियों को पकड़ा जा रहा है. उन्होंने बताया कि तिलवारा में 800, रामपुर में 130 और उमरिया में 170 मवेशियों को रखने की क्षमता है. इससे अधिक मवेशियों को रखने की व्यवस्था नहीं है. अधिकारी के मुताबिक, कई स्थानों पर मवेशियों को पकडऩे के दौरान कुछ गौभक्तों की ओर से विवाद की स्थिति भी बनती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

