मनीला. फिलीपींस की राजधानी मनीला से एक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल जा रही एक फेरी में अचानक भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 86 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव दल ने अब तक 43 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
फिलीपींस कोस्ट गार्ड (PCG) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस घटना की पुष्टि की है. अधिकारियों के मुताबिक, 'एमवी जून एस्टर' नाम की इस फेरी में 134 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे. यह जहाज मनीला से पलावन प्रांत के लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन 'कोरोन' की ओर जा रहा था, तभी बुधवार देर शाम इसमें अचानक आग लग गई.
तट के पास हुआ हादसा, राहत कार्य में आ रही बाधाएं
कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायाब्याब के अनुसार, आग कोरोन के मार्सिला गांव के तट से लगभग 2.2 किलोमीटर (1.2 नॉटिकल मील) दूर लगी. घटना के समय समुद्र में उठ रही तेज लहरों के कारण जलती हुई फेरी बहकर दूर चली गई, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में पूरी फेरी आग की ऊंची लपटों में घिरी नजर आ रही है. अधिकारियों का कहना है कि यह एक लाइव ऑपरेशन है और जैसे-जैसे खोज अभियान आगे बढ़ेगा, हताहतों और बचाए गए लोगों के आंकड़ों में बदलाव हो सकता है. फिलहाल लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

