रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है. मोवा स्थित अशोका रतन (गेट नंबर-1) के पास मामूली सड़क दुर्घटना के बाद कार सवार तीन युवकों ने एक कंस्ट्रक्शन व्यवसायी पर हमला कर दिया. आरोपियों ने युवक के साथ सरेराह मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है.
कार टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद
अवंति विहार निवासी पीड़ित व्यापारी अमन अग्रवाल गुरुवार शाम अपनी कार से अशोका रतन के गेट नंबर-1 से निकल रहे थे. इसी दौरान एटी प्लाजा ओवरब्रिज की तरफ से आ रही एक काली रंग की कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. जब तक अमन कुछ समझ पाते, काली कार में सवार चालक और उसके दो साथियों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी.
शर्ट फाड़ी और सोने की चेन लूटकर हुए फरार
आरोपियों ने बर्बरता की हदें पार करते हुए अमन अग्रवाल के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनकी शर्ट भी फट गई और गले में गंभीर चोटें आईं. इसी झूमाझटकी का फायदा उठाकर बदमाशों ने अमन के गले में पहनी सोने की चेन खींच ली और वापस अपनी काली कार में बैठकर मौके से रफूचक्कर हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी से सुराग तलाशने में जुटी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ पंडरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया है. पुलिस ने अमन अग्रवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काली कार और उसमें सवार तीनों बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

