छत्तीसगढ़ में बेकाबू हुआ स्वाइन फ्लू: दो दिन में 85 नए मरीज मिले, कुल आंकड़ा 344 पहुंचा, अकेले रायपुर में 50 एक्टिव केस

छत्तीसगढ़ में बेकाबू हुआ स्वाइन फ्लू: दो दिन में 85 नए मरीज मिले, कुल आंकड़ा 344 पहुंचा, अकेले रायपुर में 50 एक्टिव केस

प्रेषित समय :17:02:34 PM / Thu, Sep 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीते महज दो दिनों के भीतर प्रदेश में 85 नए मरीज सामने आए हैं. इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 344 हो गई है. फिलहाल प्रदेश भर में 122 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 90 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है और 32 मरीज होम आइसोलेशन में हैं.

राजधानी रायपुर बना हॉटस्पॉट

स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा असर राजधानी रायपुर में देखने को मिल रहा है. शहर में 19 नए केस मिलने के बाद जिले में कुल मामलों की संख्या 146 तक पहुंच गई है. रायपुर में इस वक्त 50 एक्टिव केस हैं, जिनमें से 33 मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिला अस्पताल, डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल और एम्स (AIIMS) रायपुर में लगभग डेढ़ दर्जनों मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि अन्य मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में जारी है.

रायपुर के अलावा महासमुंद में 10, बिलासपुर में 3, कांकेर में 2 तथा दुर्ग, रायगढ़ और मुंगेली में 1-1 नए मरीज दर्ज किए गए हैं. राहत की बात यह है कि अब तक किसी मरीज की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

त्योहारों के सीजन में संक्रमण का खतरा, डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह
आगामी त्योहारों के चलते बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ उमड़ रही है, जिससे H1N1 संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका बढ़ गई है. स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने आम जनता को सतर्क रहने की अपील की है.

स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण: तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, अत्यधिक थकान और बदन दर्द.

क्या करें और क्या न करें:

भीड़भाड़ वाली जगहों पर अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग करें.

खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिशू से ढकें.

लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने की बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-