जबलपुर में एक के बाद एक गिरे बिजली के खंभे, काम कर रहे कर्मचारियों में मची भगदड़

जबलपुर में एक के बाद एक गिरे बिजली के खंभे, काम कर रहे कर्मचारियों में मची भगदड़

प्रेषित समय :17:43:19 PM / Sat, Sep 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मिलौनीगंज स्थित गुड़हाई तिराहा पर आज उस वक्त भगदड़ मच गई, जब यहां बिजली विभाग केबल डालने और लाइन शिफ्ट करने का काम कर रहा था. इसी दौरान खिंचाव और नीचे से कमजोर होने के कारण एक के बाद एक खंभे गिर गए और कुछ तिरछे हो गए. हादसे के वक्त बिजली विभाग का एक कर्मचारी 11 केवी लाइन पर काम कर रहा था. खंभा गिरते देख स्थानीय लोगों ने चिल्लाकर उसे नीचे कूदने के लिए कहा, जिससे उसकी जान बच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह करीब 11:15 से 11:20 बजे के बीच एक खंभा नीचे से टूटकर सामने की इमारत से टकरा गया, जबकि दूसरा तिरछा हो गया. यहां लगे तीनों खंभे नीचे से काफी खराब हो चुके थे. खंभे गिरने के बाद तेज स्पार्किंग हुई. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तत्काल लोगों को वहां से हटाकर बड़ा हादसा होने से रोक लिया. स्थानीय लोगों का कहना था कि ये खंभे करीब 50 साल पुराने थे और नीचे से पूरी तरह सड़ चुके थे. इन्हें बदलने के लिए प्रशासन और बिजली विभाग से पहले भी शिकायत की जा चुकी थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने व्यस्त बाजार और पास में स्कूल होने के बावजूद काम के दौरान सुरक्षा के इंतजाम या बैरिकेडिंग नहीं की गई थी.

हादसे के करीब दो से ढाई घंटे बाद प्रशासन ने मौके पर बैरिकेडिंग कराई. इससे पहले स्कूल से आने-जाने वाले बच्चे, राहगीर और वाहन खतरनाक स्थिति के बीच से गुजरते रहे. अच्छी बात यह रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय निवासियों और क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि ने प्रशासन व बिजली विभाग से त्योहारों को देखते हुए इलाके के सभी खराब खंभों को तुरंत बदलने की मांग की है. साथ ही, इस तरह के काम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में हादसे न हों.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-