भारत ने महिला एशिया कप जीता : पाकिस्तान की बेइज्जती, मोहसिन नकवी से नहीं ली ट्रॉफी, जानें पूरा मामला

भारत ने महिला एशिया कप जीता : पाकिस्तान की बेइज्जती, मोहसिन नकवी से नहीं ली ट्रॉफी, जानें पूरा मामला

प्रेषित समय :11:25:40 AM / Mon, Sep 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वुमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को कोई मौका नहीं दिया. हालांकि, खिताब जीतने के बाद एक बार फिर एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर विवाद खड़ा हो गया. भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगर मोहसिन नकवी पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद रहते हैं तो भारतीय महिला टीम उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी. नकवी एसीसी प्रमुख होने के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं.

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया है. इससे पहले पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए पुरुष एशिया कप 2025 में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाडिय़ों से हाथ नहीं मिलाया था और नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. अब लगातार दूसरे साल एशिया कप में ट्रॉफी को लेकर भारत और नकवी आमने-सामने नजर आए.

कई लोगों को लगा कि शायद नकवी को भारतीय टीम के फैसले की जानकारी नहीं थी. रिपोर्ट के अनुसार ऐसा नहीं था. रिपोर्ट में दावा किया गया कि बीसीसीआई ने पहले ही एसीसी अधिकारियों को बता दिया था कि नकवी अगर पुरस्कार वितरण समारोह में आते हैं तो टीम इंडिया उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी. यानी नकवी को भारतीय टीम के फैसले की पहले से जानकारी थी. इसके बावजूद वह ट्रॉफी देने के लिए समारोह में पहुंचे.

मोहसिन नकवी काफी देर तक ट्रॉफी लेकर भारतीय टीम का इंतजार करते रहे. जब टीम इंडिया ट्रॉफी लेने के लिए नहीं पहुंची तो उन्होंने उपविजेता श्रीलंका को पदक प्रदान किए और वहां से चले गए.

फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार से जब ट्रॉफी नहीं लेने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि भारत आधिकारिक रूप से एशिया कप का चैंपियन है और ट्रॉफी नहीं होने से टीम की उपलब्धि पर कोई असर नहीं पड़ेगा. अमोल मजूमदार ने कहा, भारत आधिकारिक रूप से एशिया कप का चैंपियन है. ट्रॉफी हो या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता. यह बीसीसीआई का फैसला था. हम इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोल सकते.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-