जबलपुर में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, एमएसपी पर धान-गेहूं खरीदी की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, एमएसपी पर धान-गेहूं खरीदी की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

प्रेषित समय :15:31:04 PM / Tue, Sep 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में आज सैकड़ों किसानों ने रूस्क्क के तहत घोषित दरों पर धान-गेहूं की खरीदी समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामदास पटेल के नेतृत्व में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली और जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया.

किसानों ने कहा कि उन्हें भावांतर योजना नहीं, बल्कि एमएसपी पर फसल खरीदी की गारंटी चाहिए. उनका कहना था कि मंडियां किसानों के शोषण का माध्यम बन चुकी हैं. प्रदर्शन के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा. किसानों ने धान 3100 रुपए और गेहूं 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की मांग की. प्रति एकड़ खरीदी की सीमा 25 क्विंटल तय करने को भी कहा. मझौली तहसील में बकाया धान, गेहूं और मूंग का भुगतान तथा पनागर तहसील के विभिन्न वेयरहाउसों की रुकी राशि का तुरंत भुगतान करने की मांग की गई. ज्ञापन में मंडियों में समर्थन मूल्य से नीचे लगने वाली बोलियों पर रोक लगाने की मांग की गई. किसानों ने व्यापारियों द्वारा माल खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और स्नढ्ढक्र दर्ज करने की मांग भी रखी.

12 घंटे कृषि बिजली और नकली बीज पर कार्रवाई-

किसानों ने मझौली के रानीताल कटाव सबस्टेशन का निर्माण जल्द पूरा कर दिन में 12 घंटे कृषि बिजली देने की मांग की. सिहोरा में ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर बदलने और नकली हाइब्रिड बीज बेचने वाली कंपनियों की जांच कर कार्रवाई करने को भी कहा. किसानों ने कहा कि पराली निपटाने के पर्याप्त साधन मिलने तक उन पर कार्रवाई नहीं की जाए. साथ ही, 'किसान खेत सड़क योजना' तुरंत शुरू करने की मांग की.

मंडियों में आधार और फोटो स्कैन की व्यवस्था का सुझाव

प्रशासनिक स्तर पर फर्जीवाड़ा रोकने के लिए किसानों ने मंडियों में बिचौलियों पर लगाम लगाने के लिए आधार कार्ड और फोटो स्कैन की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया. किसानों ने चेतावनी दी कि फसल भुगतान, बिजली आपूर्ति और राजस्व से जुड़ी समस्याओं का समय रहते निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-