जबलपुर. एमपी के जबलपुर में राइट टाउन स्थित असांजो व सागर रत्ना रेस्टारेंट में किचन में गंदगी के बीच ग्राहकों को बासा खाना दिया जा रहा था. इस बात का खुलासा खाद्य विभाग की टीम की दबिश में हुआ है. यहां पर जांच के दौरान बासा खाना व किचन में गंदगी मिली. खाद्य विभाग की दबिश के बाद यहां पर हड़कम्प मचा रहा. अधिकारियों ने नोटिस जारी कर जबाव मांगा है. उक्त कार्रवाई मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय को सख्ती से रोकने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा दिये गये निर्देश पर की गई है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत राइट टाउन स्थित सागर रत्ना के किचन एवं स्टोर का निरीक्षण किया गया, जहां एक दिन पुरानी बासी दाल मखनी एवं उबले चने विक्रय के लिए फ्रिज में संग्रहित पाई गई. मौके पर संग्रहित पनीर एवं बासी खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए तथा किचन में साफ सफाई नहीं पाये जाने पर धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया जा रहा है. इसी प्रकार असांजो रेस्टोरेंट राइट टाउन का भी निरीक्षण किया गया. यहां पर वाशिंग एरिया में गंदगी पाई गई. किचन में संग्रहित पनीर एवं सनफ्लावर तेल के सैंपल जांच हेतु लिए गए. सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं.

