भिलाई.भिलाई के चरोदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार देर रात शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. हंसी-मजाक के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे के पेट में सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
मजाक में उपजा विवाद और खूनी हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित डी. अनिवेश राव अपने परिचित दुर्गेश पनागर के घर गया हुआ था. परिजनों को छोड़ने के बाद दुर्गेश के आग्रह पर अनिवेश वहीं रुक गया. इसके बाद दुर्गेश, उसका साला अविनाश मगरवंशी और अनिवेश एक साथ बैठकर शराब पीने लगे.
शराब पीने के दौरान अनिवेश और अविनाश के बीच हंसी-मजाक चल रहा था. इसी बीच अनिवेश की किसी बात पर अविनाश अचानक भड़क गया. बात गाली-गलौज तक पहुंच गई और गुस्से में आकर अविनाश ने रसोईघर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर अनिवेश के पेट पर चार से पांच बार वार कर दिया.
112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
हमले के बाद अनिवेश बुरी तरह लहुलुहान हो गया. उसने खुद कपड़े से अपना पेट बांधकर खून रोकने की कोशिश की और देर रात लगभग तीन बजे अपने बड़े भाई डी. आदित्य राव को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और डायल-112 की मदद से घायल को तुरंत सुपेला अस्पताल पहुंचाया.
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित के भाई की शिकायत पर आरोपी अविनाश मगरवंशी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.

