बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने दोपहर में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला और उसकी ननद के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई. ऑटो से सामान उतारने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद हाथापाई तक पहुँच गया, जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा निवासी एक युवती ने सकरी परसदा के युवक से प्रेम विवाह किया था. महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया, जबकि मायके वालों से भी उसके संबंध खत्म हो चुके थे. अपनी आर्थिक स्थिति ठीक न होने और नौकरी मिलने तक महिला अपने दो मासूम बच्चों को पति और सास की देखरेख में छोड़ने गई थी.
जब महिला बच्चों को ससुराल छोड़कर ऑटो से वापस लौट रही थी, तब उसकी ननद भी उसी ऑटो में सवार हो गई. कलेक्टोरेट के पास सूटकेस उतारने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद ऑटो चालक ने दोनों को नीचे उतार दिया. इसी दौरान महिला का पति एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल पर आया और दोनों मासूम बच्चों को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
सड़क पर बच्चों को लावारिस छोड़कर पिता के भागने के बाद, ननद ने महिला पर हमला कर दिया और मारपीट के बाद दूसरे ऑटो से निकल गई. पीड़िता अब अपने बच्चों को संभालने के साथ ही सुरक्षा और न्याय की गुहार लगा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

