राजेश कुमार सिन्हा
मुंबई
भारतीय सिनेमा का इतिहास लिखते समय कुछ नाम ऐसे आते हैं जिनके सामने पुरस्कारों की सूची भी छोटी लगती है और फिल्मों की संख्या भी. वे अभिनेता किसी एक छवि में बंद नहीं होते. उन्हें केवल नायक कहना उनके विस्तार को सीमित करना है और केवल चरित्र अभिनेता कहना उनके प्रभाव को कम करके देखना. अनंत नाग ऐसे ही अभिनेता हैं, उनका अभिनय किसी आतिशबाजी की तरह पर्दे पर अचानक चमकता नहीं, बल्कि दीपक की लौ की तरह धीरे-धीरे फैलता है और दृश्य समाप्त होने के बाद भी दर्शक के भीतर बना रहता है. कहते हैं सिनेमा में लोकप्रियता अक्सर चेहरे, आवाज, संवाद और स्टार सिस्टम के माध्यम से निर्मित होती है. पर अनंत नाग की लोकप्रियता का रास्ता इससे अलग रहा. उन्होंने अपने लिए एक ऐसी जगह बनाई जिसमें अभिनेता की पहचान उसके अभिनय से होती है, न कि केवल उसके स्टारडम से. वह कभी प्रेमी बने, कभी पति, कभी पिता, कभी आम आदमी, कभी राजनीतिक-सामाजिक व्यवस्था से जूझता व्यक्ति, कभी हास्य का स्रोत और कभी ऐसी त्रासदी का चेहरा जिसके भीतर बहुत कुछ अनकहा रह जाता है.
उनकी सबसे बड़ी विशेषता शायद यही है कि वे पात्र को अपने व्यक्तित्व से ढकते नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व को पात्र के भीतर विलीन कर देते हैं. यही कारण है कि पांच दशक से अधिक की यात्रा और 300 से अधिक फिल्मों के बाद भी उन्हें किसी एक भूमिका, एक भाषा या एक शैली में परिभाषित करना संभव नहीं है. अनंत नाग ने कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और मराठी सहित अनेक भाषाओं की फिल्मों में काम किया है तथा उनका योगदान 300 से अधिक फिल्मों तक फैला हुआ है.
उनकी यात्रा को समझना दरअसल स्वतंत्र भारत के बदलते सिनेमा को समझना भी है. यह वह यात्रा है जो रंगमंच से शुरू होती है, समानांतर सिनेमा के महत्वपूर्ण दौर से गुजरती है, क्षेत्रीय मुख्यधारा के लोकप्रिय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाती है, दूरदर्शन के स्वर्णकाल में घर-घर पहुंचती है और फिर नई सदी के सिनेमा में उम्र को चुनौती देते हुए नई पीढ़ी के साथ संवाद करती है. आज अपनी विशिष्ट अभिनय शैली और सिनेमा को दिए गए अपने अतुल्य योगदान के कारण दादा साहब फाल्के अवार्ड के लिए चयनित अनंत नाग का जन्म 4 सितंबर 1948 को हुआ. उनके प्रारंभिक जीवन की जमीन तटीय कर्नाटक की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दुनिया से बनी. उनके बचपन के शुरुआती वर्ष आनंदाश्रम और श्री चित्रापुर मठ जैसे संस्थानों के वातावरण में बीते. बाद में उन्होंने उडुपी, चित्रापुर, शिराली और होन्नावर में शिक्षा प्राप्त की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए बंबई (अब मुंबई) आए.
यह पृष्ठभूमि महज उनकी जीवनी संबंधी सूचना नहीं बल्कि कलाकार के व्यक्तित्व की आंतरिक संरचना को समझने में इसका महत्व है. भारतीय अभिनय परंपरा में अभिनेता के लिए केवल तकनीकी दक्षता पर्याप्त नहीं होती, उसे जीवन के विभिन्न अनुभवों से गुजरना पड़ता है. अनंत नाग के जीवन में बचपन से ही धार्मिक-सांस्कृतिक वातावरण, विभिन्न भाषाओं का संपर्क, तटीय कर्नाटक की लोक-संस्कृति और बाद में मुंबई का महानगरीय अनुभव एक साथ आए. शायद यही कारण है कि उनके अभिनय में स्थानीयता और व्यापक भारतीयता एक साथ दिखाई देती है.उनका अभिनय जीवन सीधे कैमरे के सामने नहीं आया, उनकी पहली पाठशाला रंगमंच थी जहाँ 18 वर्ष की आयु में उन्होंने पहली बार कदम रखा.उनका पहला महत्वपूर्ण रंगमंचीय अवसर संत चैतन्य महाप्रभु के जीवन पर आधारित नाटक में मिला. इसके बाद उन्होंने गौतम बुद्ध तथा अन्य विविध पात्र निभाए और अगले लगभग पांच वर्षों में 50 से अधिक नाटकों में अलग-अलग भूमिकाएं की.
यह रंगमंचीय प्रशिक्षण उनके पूरे अभिनय जीवन की आधारशिला बना. रंगमंच अभिनेता को कैमरे की सुविधा नहीं देता बल्कि वहां अभिनय को दर्शक तक सीधे पहुंचाना पड़ता है. आवाज, देह, विराम, आंखों और संवाद की गति पर नियंत्रण आवश्यक होता है. अनंत नाग ने इसी अनुशासन को बाद में कैमरे की सूक्ष्मता में बदल दिया. इसलिए उनके अभिनय में अक्सर एक ऐसा संतुलन दिखाई देता है जिसमें न तो रंगमंच की अतिनाटकीयता है और न ही कैमरे के सामने अनावश्यक संकोच.
मुंबई का रंगमंच उनके लिए निर्णायक साबित हुआ. सत्यदेव दुबे जैसे महत्वपूर्ण रंगकर्मी से उनका संपर्क हुआ. गिरिश कर्नाड जैसे साहित्यकार-नाटककार के साथ उनका जुड़ाव हुआ. यही वह वातावरण था जिसने अनंत नाग को उस दौर के गंभीर रंगमंच और उभरती नई अभिनय भाषा से परिचित कराया. उन्होंने कन्नड़, कोंकणी और मराठी रंगमंच पर भी काम किया और रंगमंच का यह अनुभव आगे चलकर उनकी सिनेमाई शैली की पहचान बना.
उनके अभिनय शैली पर गिरिश कर्नाड का प्रभाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण था. कर्नाड स्वयं भारतीय रंगमंच और सिनेमा के उन रचनाकारों में थे जिन्होंने परंपरा और आधुनिकता के बीच नए संबंध बनाए. अनंत नाग ने उनके नाटक ‘ययाति’ में पुरुरवा की भूमिका निभाई. यह केवल एक भूमिका नहीं थी; यह उस अभिनेता के निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा थी जो आगे चलकर जटिल मनोवैज्ञानिक और सामाजिक चरित्रों को सहजता से निभाने वाला था.फिर आया 1970 का दशक जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक निर्णायक दौर के रूप में जाना जाता है. मुख्यधारा का हिंदी सिनेमा अपनी अलग गति से आगे बढ़ रहा था, लेकिन इसी समय समानांतर या न्यू इंडियन सिनेमा एक वैकल्पिक सौंदर्यशास्त्र विकसित कर रहा था. श्याम बेनेगल, मृणाल सेन, गोविंद निहलानी, एम.एस. सत्यु जैसे फिल्मकार सामाजिक यथार्थ, वर्गीय असमानता, ग्रामीण जीवन, स्त्री की स्थिति, राजनीतिक संरचनाओं और बदलते भारतीय समाज को नए तरीके से देख रहे थे.
अनंत नाग इसी दौर में श्याम बेनेगल के ‘अंकुर’ के साथ हिंदी सिनेमा में आए. 1973 में आई ‘अंकुर’ को भारतीय समानांतर सिनेमा की महत्वपूर्ण फिल्मों में गिना जाता है. फिल्म ने शोषण, वर्ग और सत्ता संबंधों को ग्रामीण सामाजिक संरचना के भीतर देखा. श्याम बेनेगल के साथ अनंत नाग की यह यात्रा आगे ‘निशांत’, ‘मंथन’, ‘भूमिका’ और ‘कलयुग’ जैसी फिल्मों तक पहुंची.
‘अंकुर’ में अनंत नाग का होना हिंदी सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण था क्योंकि उस समय का नायक सामान्यतः एक स्थापित स्टार की छवि से जुड़ा होता था पर अनंत नाग का चेहरा उस पारंपरिक नायक से अलग था. उसमें आभिजात्य की चमक से अधिक सामान्य भारतीय युवक की पहचान थी और यही उनकी ताकत बनी.
उनके अभिनय में एक तरह का "डिस्कंफर्ट" था और उसी ने वास्तविकता को जन्म दिया था. वे पात्र को ‘अभिनय’ करते हुए दिखाई नहीं देते थे बल्कि वे पात्र के रूप में दिखाई देते थे. समानांतर सिनेमा को इसी तरह के अभिनेताओं की आवश्यकता थी. ऐसे अभिनेता जो अपने चेहरे पर भावनाओं को चिपकाने के बजाय भावनाओं को भीतर से आने दें.
‘निशांत’ में ग्रामीण सामंती व्यवस्था की भयावहता सामने आती है. ‘मंथन’ में सहकारी आंदोलन, ग्रामीण समाज और सामाजिक परिवर्तन का जटिल संसार है. ‘भूमिका’ में स्त्री की आत्मकथा और सिनेमा की दुनिया के बीच संबंध बनता है. ‘कलयुग’ में महाभारत की संरचना को आधुनिक औद्योगिक परिवार और कारोबारी संघर्ष के रूपक में बदला गया. इन फिल्मों में अनंत नाग का योगदान इस बात का प्रमाण है कि वे केवल क्षेत्रीय अभिनेता नहीं थे; वे उस अखिल भारतीय अभिनय आंदोलन का हिस्सा थे जिसने हिंदी सिनेमा की भाषा को भी बदला. लेकिन अनंत नाग की असली विशिष्टता यह है कि उन्होंने समानांतर सिनेमा को अपनी स्थायी पहचान नहीं बनने दिया. वे किसी ‘आर्ट फिल्म अभिनेता’ के खांचे में बंद नहीं हुए. उन्होंने कन्नड़ के लोकप्रिय सिनेमा में भी उतनी ही सहजता से काम किया.
यहीं से उनके व्यक्तित्व का दूसरा बड़ा पक्ष सामने आता है.कन्नड़ सिनेमा में अनंत नाग केवल अभिनेता नहीं रहे; वे कई पीढ़ियों के सांस्कृतिक अनुभव का हिस्सा बन गए. ‘बयलु दारी’, ‘कन्नेश्वरा रामा’, ‘नन्निन्ना बिडलारे’, ‘चंदनदा गोम्बे’, ‘बेन्किया बाले’, ‘गणेशन मडुवे’, ‘गौरी गणेशा’, ‘मुगारु मले’ जैसी फिल्मों ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता उनकी लोकप्रियता का रहस्य यह था कि उन्होंने नायकत्व की परिभाषा को बदल दिया. वे पारंपरिक अर्थों में ‘माचो’ नायक नहीं थे. उनके नायक जीवन से जुड़े हुए थे. वे प्रेम करते थे, गलती करते थे, संकोच करते थे, हंसते थे, असफल होते थे और परिस्थितियों से जूझते थे. उनका आकर्षण उनके असाधारण होने में नहीं, बल्कि असाधारण परिस्थितियों में भी सामान्य बने रहने में था और इसीलिए उन्हें ‘एवरग्रीन हीरो’ की छवि मिली. लेकिन यह शब्द भी उनके अभिनय की पूरी व्याख्या नहीं करता. अनंत नाग का नायक उम्र के साथ बदलता रहा. यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. युवा अवस्था में वे प्रेम और संघर्ष के नायक रहे तो बाद में पिता, पति, बुजुर्ग, शिक्षक, अधिकारी, सामाजिक व्यक्ति और जीवन की जटिलताओं से गुजरते चरित्रों में दिखाई दिए.
उनके अभिनय का एक और महत्वपूर्ण पक्ष उनका हास्य है. ‘गणेशन मडुवे’ और ‘गौरी गणेशा’ जैसी फिल्मों में उन्होंने जिस सहज हास्य का परिचय दिया, वह किसी हास्य अभिनेता की तरह अलग से प्रदर्शन नहीं करता. हास्य उनके पात्र की परिस्थिति और व्यक्तित्व से निकलता है. यही कारण है कि उनकी कॉमेडी समय के साथ भी पुरानी नहीं लगती. ‘गणेशन मडुवे’ को कन्नड़ की लोकप्रिय हास्य फिल्मों में महत्वपूर्ण स्थान मिला और फिल्म ने अपने समय में उल्लेखनीय व्यावसायिक सफलता प्राप्त की.अनंत नाग के अभिनय का अध्ययन करते समय उनकी आवाज पर ध्यान चला जाता है. उनकी आवाज में वह भारीपन नहीं था जिसे भारतीय सिनेमा ने लंबे समय तक नायक की पहचान बनाया. उसमें संवाद को मनुष्य की तरह बोलने की सहजता थी. वे संवाद को ‘डिलीवर’ कम और ‘बोलते’ अधिक थे. इस अंतर ने उनके अभिनय को विश्वसनीय बनाया. इसके अलावा उनका चेहरा भी उनकी अभिनय-भाषा का हिस्सा था. वे चेहरे पर बड़े-बड़े भाव प्रदर्शित करने के बजाय आंखों और हल्की मुस्कान से बहुत कुछ कह देते थे.
कई बार उनके पात्र की बेचैनी संवाद में नहीं, बल्कि संवाद के बीच के मौन में दिखाई देती थी.यही कारण है कि उनकी अभिनय शैली को प्राकृतिक अभिनय के संदर्भ में देखा जाता है.सिनेमा की गहरी समझ रखने वाले लोग उनकी पहचान को प्राकृतिक अभिनय और असाधारण बहुमुखी प्रतिभा वाले कलाकार के रूप परिभाषित करते हुए.अनंत नाग की यात्रा में उनके छोटे भाई शंकर नाग का उल्लेख अपरिहार्य है. शंकर नाग स्वयं कन्नड़ सिनेमा के महत्वपूर्ण अभिनेता, निर्देशक और रचनाकार थे. दोनों भाइयों की जोड़ी ने कन्नड़ सिनेमा में एक अलग अध्याय बनाया. दोनों ने साथ काम किया और उनकी रचनात्मक साझेदारी का सबसे व्यापक प्रभाव ‘मालगुडी डेज’ के माध्यम से सामने आया.
आर.के. नारायण की कहानियों पर आधारित ‘मालगुडी डेज’ भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक सांस्कृतिक घटना थी. शंकर नाग ने इसका निर्देशन किया और अनंत नाग इससे जुड़े. इस धारावाहिक ने भाषा और क्षेत्र की सीमाओं को पार करके पूरे भारत में लोकप्रियता अर्जित की.
यहां अनंत नाग का योगदान एक और कारण से महत्वपूर्ण हो जाता है. सिनेमा के पर्दे से अलग टेलीविजन का माध्यम भारतीय परिवारों के भीतर प्रवेश करता था. दूरदर्शन के युग में अभिनेता का चेहरा लाखों घरों का परिचित चेहरा बन सकता था. ‘मालगुडी डेज’ ने अनंत नाग को उस दर्शक तक पहुंचाया जो शायद उनकी कन्नड़ फिल्मों से परिचित नहीं था.
शंकर नाग की 1990 में असामयिक मृत्यु ने इस रचनात्मक यात्रा को गहरा व्यक्तिगत आघात दिया. दोनों भाइयों के संबंध को केवल फिल्मी सहयोग के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है. वे एक ऐसी रचनात्मक जोड़ी थे जिसमें एक अभिनेता और निर्देशक की ऊर्जा एक-दूसरे को विस्तार देती थी. ‘मालगुडी डेज’ उस साझेदारी की सबसे स्थायी स्मृतियों में से एक है.अनंत नाग के जीवन का एक महत्वपूर्ण और अपेक्षाकृत कम चर्चित पक्ष उनका राजनीति में प्रवेश भी है. 1988 से 1994 तक वे कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य रहे और 1994 से 1999 तक विधानसभा के सदस्य रहे. इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु शहर विकास राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई.एक अभिनेता का राजनीति में जाना भारतीय सार्वजनिक जीवन में असामान्य नहीं है, लेकिन अनंत नाग के मामले में यह संक्रमण उनके व्यक्तित्व के एक अलग आयाम को सामने लाता है. कला और सार्वजनिक जीवन के बीच उनका संपर्क केवल पर्दे तक सीमित नहीं था. उन्होंने संस्थागत राजनीति में भी भूमिका निभाई. हालांकि उनके राजनीतिक जीवन को उनके सिनेमाई योगदान से अलग करके देखना आवश्यक है, क्योंकि दोनों क्षेत्रों की कसौटियां अलग होती हैं.
फिर वे पूरी तरह राजनीति में नहीं खो गए. अभिनय उनके जीवन की केंद्रीय रचनात्मक धारा बना रहा.यहां अनंत नाग की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पाठ सामने आता है अर्थात एक कलाकार का जीवन केवल सफलताओं की श्रृंखला नहीं होता. उसमें दिशा बदलने, नए माध्यम में जाने और फिर वापस अपनी मूल रचनात्मक दुनिया में लौटने की क्षमता भी शामिल होती है.उनके अभिनय जीवन का एक बड़ा गुण यह है कि वे उम्र के साथ अप्रासंगिक नहीं हुए. भारतीय सिनेमा में ऐसे अनेक अभिनेता रहे हैं जिनका नायकत्व समाप्त होते ही उनकी उपस्थिति सीमित हो गई. अनंत नाग ने इस संकट का सामना अपनी भूमिकाओं को बदलकर किया. उन्होंने स्वयं को नायक की उम्र से नहीं, अभिनेता की उम्र से जोड़ा.नई सदी में उनकी फिल्मों की सूची इस बात का प्रमाण है. ‘मुगारु मले’ से लेकर ‘गोधी बन्ना साधारणा मायकट्टू’, ‘राजकुमार’, ‘सरकारी हि.प्रा. शाले, कासरगोडु’, ‘केजीएफ’ और ‘गालिपटा 2’ तक वे अलग-अलग पीढ़ियों के सिनेमा में उपस्थित रहे.
विशेष रूप से ‘गोधी बन्ना साधारणा मायकट्टू’ में उनका अभिनय उल्लेखनीय माना गया. फिल्म में उन्होंने स्मृति-क्षरण से जूझते बुजुर्ग व्यक्ति का किरदार निभाया. यह भूमिका उनके अभिनय की उस क्षमता को सामने लाती है जिसमें वे उम्र को केवल मेकअप या शारीरिक परिवर्तन के रूप में नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक अनुभव के रूप में प्रस्तुत करते हैं. फिल्म ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों से फिर जोड़ा. दरअसल यही वह बिंदु है जहां अनंत नाग का अभिनय आज के सिनेमा के लिए भी प्रासंगिक हो जाता है.आज का भारतीय सिनेमा स्टार सिस्टम, डिजिटल प्लेटफॉर्म और बदलती दर्शक-रुचियों के बीच तेजी से बदल रहा है. लेकिन दर्शक की एक मूल आवश्यकता नहीं बदली है ,वह यह कि दर्शक पर्दे पर विश्वसनीय इंसान देखना चाहता है. अनंत नाग इसी विश्वसनीयता के अभिनेता हैं.उनकी उपस्थिति किसी दृश्य को बड़ा बनाने की कोशिश नहीं करती बल्कि वह दृश्य को मनुष्य बनाती है.
‘केजीएफ’ जैसी अत्यधिक लोकप्रिय और बड़े पैमाने की फिल्म श्रृंखला में उनकी उपस्थिति इस बात का उदाहरण है कि वे अलग-अलग सिनेमाई संसारों के बीच भी सहजता से स्थान बना सकते हैं. एक ओर उन्होंने श्याम बेनेगल के सामाजिक यथार्थवादी सिनेमा में काम किया, दूसरी ओर लोकप्रिय कन्नड़ मनोरंजन का हिस्सा बने और बाद में पैन-इंडियन सिनेमा की नई धारा से भी जुड़े.
इस तरह अनंत नाग का कृतित्व भारतीय सिनेमा के अनेक प्रवाहों के बीच एक सेतु बन जाता है.उनका एक छोर 1970 के दशक के समानांतर सिनेमा में है और दूसरा आज के बहुभाषी, बहु-बजट, पैन-इंडियन सिनेमा में. उनके बीच क्षेत्रीय मुख्यधारा, टेलीविजन, रंगमंच और सार्वजनिक जीवन की कई परतें हैं. अनंत नाग को मिले पुरस्कार भी उनकी इसी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाते हैं. उन्हें पांच बार कर्नाटक राज्य सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार और पांच फिल्मफेयर पुरस्कार मिले हैं. उन्हें कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार, कर्नाटक साहित्य अकादमी पुरस्कार, कर्नाटक राज्य जीवनगौरव पुरस्कार और मानद डॉक्टरेट सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं. 2025 में भारत सरकार ने उन्हें कला के क्षेत्र में पद्म भूषण प्रदान किया और अब 2026 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाज़ा जा रहा है.यह क्रम महत्वपूर्ण है क्योंकि दादासाहेब फाल्के पुरस्कार सामान्य अभिनय पुरस्कार नहीं है. इसे भारतीय सिनेमा के विकास और संवर्धन में असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है. इसकी शुरुआत 1969 में हुई थी और पहला सम्मान देविका रानी को प्रदान किया गया था. पुरस्कार की परंपरा में अभिनय के साथ-साथ भारतीय फिल्म संस्कृति के व्यापक योगदान को महत्व दिया जाता है. अनंत नाग को यह सम्मान मिलने का एक सांस्कृतिक अर्थ भी है. वे कन्नड़ सिनेमा के दूसरे कलाकार होंगे जिन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है; उनसे पहले डॉ. राजकुमार को यह सम्मान मिला था.
यहां पुरस्कार से बड़ा प्रश्न यह है कि भारतीय सिनेमा के राष्ट्रीय इतिहास में क्षेत्रीय भाषाओं की भूमिका को हम किस तरह देखते हैं.
लंबे समय तक भारतीय सिनेमा की राष्ट्रीय पहचान पर चर्चा करते समय हिंदी सिनेमा को केंद्र में रखा जाता रहा. लेकिन भारतीय फिल्म संस्कृति का वास्तविक भूगोल कहीं अधिक विस्तृत है. कन्नड़, बंगाली, मराठी, मलयालम, तमिल, तेलुगु, असमिया, उड़िया और अन्य भाषाओं ने भारतीय सिनेमा की सौंदर्य-भाषा को समृद्ध किया है.अनंत नाग का राष्ट्रीय सम्मान इस अर्थ में भी महत्वपूर्ण है कि उनका अधिकांश महत्वपूर्ण काम कन्नड़ सिनेमा में है, जबकि उन्होंने हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. उनका राष्ट्रीय कद किसी एक भाषा को छोड़कर नहीं, बल्कि अपनी मातृभाषाई सिनेमा की शक्ति के साथ बना.
यह भारतीय सिनेमा की संघीय प्रकृति की भी स्वीकृति है.अनंत नाग की कहानी इसलिए केवल ‘एक महान अभिनेता की कहानी’ नहीं है. यह उस भारत की कहानी है जिसमें एक कलाकार तटीय कर्नाटक की सांस्कृतिक जमीन से निकलता है, मुंबई के रंगमंच से सीखता है, हिंदी के समानांतर सिनेमा में प्रवेश करता है, कन्नड़ के लोकप्रिय सिनेमा का चेहरा बनता है, दूरदर्शन के जरिए राष्ट्रीय दर्शक तक पहुंचता है, राजनीति में जाता है, फिर फिल्मों में लौटता है और अंततः भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मानों में से एक तक पहुंचता है.उनके जीवन की यही बहुस्तरीयता उन्हें विशिष्ट बनाती है.अनंत नाग के अभिनय को समझने के लिए ‘नायक’ और ‘चरित्र अभिनेता’ के बीच की पारंपरिक दीवार को भी हटाना होगा. उन्होंने अपने करियर के शुरुआती वर्षों में नायक की भूमिकाएं कीं, लेकिन उनका अभिनय कभी केवल नायकत्व पर निर्भर नहीं रहा. उनकी अभिनय-यात्रा का वास्तविक विकास चरित्र की आंतरिक दुनिया की ओर हुआ.
उनके पात्रों में अक्सर मध्यवर्गीय भारतीय जीवन की झिझक दिखाई देती है. वे ऐसे आदमी लगते हैं जिसे अपने आसपास की दुनिया के बारे में सब कुछ पता नहीं, लेकिन वह उसे समझने की कोशिश करता है. उनकी आंखों में आत्मविश्वास और असुरक्षा साथ-साथ रह सकती है. यही मानवीय विरोधाभास उन्हें विश्वसनीय बनाता है.
वे क्रोध को भी अक्सर नियंत्रित रूप में व्यक्त करते हैं. उनकी बेचैनी चीखती नहीं, भीतर चलती है. उनका हास्य भी पात्र को हल्का नहीं करता; वह पात्र की मानवीय कमजोरी को उजागर करता है.उनके अभिनय की एक विशेषता ‘अंडरप्लेइंग’ है. वह भावनाओं को दबाते नहीं, उन्हें नियंत्रित करते हैं और कैमरा इस नियंत्रण को पकड़ लेता है. परिणामस्वरूप दर्शक को लगता है कि पात्र उससे बात कर रहा है न कि अभिनेता जो नेचुरल ऐक्टिंग की शक्ति मानी जाती है. अनंत नाग का पहला प्यार रंगमंच था ओर इसी रंगमंचीय प्रशिक्षण ने उन्हें संवाद की लय दी और कैमरे ने उन्हें सूक्ष्मता दी. गिरिश कर्नाड और सत्यदेव दुबे जैसे रंगकर्मियों के संपर्क ने उन्हें विचारशील अभिनय की जमीन दी और श्याम बेनेगल जैसे फिल्मकारों ने उन्हें सामाजिक यथार्थ के भीतर स्थापित किया. लोकप्रिय कन्नड़ सिनेमा ने उन्हें दर्शकों का व्यापक प्रेम दिया.
शंकर नाग और ‘मालगुडी डेज’ ने उन्हें टेलीविजन के राष्ट्रीय परिदृश्य से जोड़ा. नई पीढ़ी के फिल्मकारों ने उन्हें उम्र से परे एक अभिनेता के रूप में फिर खोजा.यह यात्रा किसी एक फिल्मकार की देन नहीं है. यह अनेक रचनात्मक संसारों के बीच निरंतर संवाद की यात्रा है.अनंत नाग के कृतित्व का एक और महत्वपूर्ण पक्ष उनकी बहुभाषिकता है. भारत में भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है; वह संस्कृति, स्मृति और पहचान का वाहक है. जब कोई अभिनेता अलग-अलग भाषाओं में काम करता है तो उसे केवल शब्दों का उच्चारण नहीं सीखना होता. उसे उस भाषा की सांस्कृतिक लय, शरीर की भाषा और सामाजिक व्यवहार को भी समझना पड़ता है.अनंत नाग ने कन्नड़ के साथ हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और मराठी में काम किया.यह बहुभाषिक अनुभव उनके अभिनय को भारतीय बनाता है, लेकिन किसी अमूर्त अर्थ में नहीं. वह अपनी क्षेत्रीय जड़ों से जुड़े रहते हुए व्यापक भारतीय सांस्कृतिक अनुभव का हिस्सा बनते हैं.
उनकी यह यात्रा मुंबई से भी गहराई से जुड़ी है. मुंबई केवल उनके जीवन में शिक्षा का पड़ाव नहीं थी. वह उनके कलाकार बनने की प्रयोगशाला थी. यही शहर उन्हें रंगमंच, बहुभाषिकता और आधुनिक भारतीय शहरी संस्कृति से जोड़ता है. सत्यदेव दुबे के थिएटर से उनका संबंध और फिर श्याम बेनेगल तक पहुंचना इसी मुंबई की सांस्कृतिक संरचना के भीतर हुआ.इस दृष्टि से अनंत नाग उन कलाकारों की पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं जिनके लिए मुंबई केवल फिल्म उद्योग नहीं थी, बल्कि रंगमंच, साहित्य, राजनीति और सामाजिक विचारों के बीच संवाद का शहर थी.
उनका जीवन यह भी बताता है कि अभिनेता बनने के लिए केवल अवसर पर्याप्त नहीं होता. अवसर मिलने के बाद उसे निभाने की क्षमता आवश्यक है. ‘अंकुर’ का अवसर अनेक कलाकारों को नहीं मिला था. अनंत नाग ने उसे अपने करियर की स्थायी पहचान में बदला. ‘मालगुडी डेज’ में दिखाई देना केवल टेलीविजन उपस्थिति नहीं था; वह एक ऐसे साहित्यिक संसार का हिस्सा बनना था जिसे आर.के. नारायण ने रचा था और शंकर नाग ने दृश्य रूप दिया. अनंत नाग के लिए साहित्य और सिनेमा का यह संबंध महत्वपूर्ण रहा. उनका अभिनय केवल बाहरी घटनाओं पर आधारित नहीं रहा; उसमें चरित्र के भीतर की कहानी सुनाई देती है.
इसीलिए जब वे उम्रदराज पात्र निभाते हैं तो उनमें जीवन का अनुभव दिखाई देता है. ‘गोधी बन्ना साधारणा मायकट्टू’ में स्मृति-क्षरण से जूझते व्यक्ति का उनका चित्रण इस दृष्टि से उल्लेखनीय है. वहां अभिनेता को अपने संवाद से अधिक अपनी स्मृति के टूटते-बिखरते संसार को शरीर और चेहरे से व्यक्त करना पड़ता है.
यह उस अभिनेता की परिपक्वता है जिसने उम्र को बाधा नहीं, अभिनय की नई सामग्री बनाया.
आज जब भारतीय सिनेमा में उम्रदराज कलाकारों के लिए भूमिकाओं की प्रकृति बदल रही है, अनंत नाग की यात्रा इस बदलाव की एक मिसाल बनती है. उन्होंने अपने करियर को युवा नायक की उम्र पर समाप्त नहीं होने दिया. उन्होंने स्वयं को समय के साथ पुनर्परिभाषित किया.
उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यही है कि पांच दशक बाद भी वे ‘अतीत के अभिनेता’ नहीं बने.
वे वर्तमान के अभिनेता बने रहे.
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार की घोषणा के बाद उनके अभिनय की सहजता, बहुमुखी प्रतिभा और कलात्मकता का उल्लेख करते हुए उनके अभिनय शैली पर टिप्पणी की है. कई आलोचकों ने उनके अभिनय की तुलना प्रामाणिक अभिनय से की है. दरअसल प्रामाणिक अभिनय वह नहीं जिसमें अभिनेता वास्तविक जीवन की नकल करे बल्कि प्रामाणिक अभिनय वह है जिसमें दर्शक पात्र के व्यवहार को विश्वसनीय मान ले. अनंत नाग की उपलब्धि यही है कि वे पात्र को इतना सहज बना देते हैं कि दर्शक उसके अभिनय को भूलकर उसके जीवन को देखने लगता है.
यहां अभिनेता अदृश्य हो जाता है और चरित्र उपस्थित हो जाता है. इसमें कोई दो राय नहीं कि मभारतीय सिनेमा में ऐसे कलाकारों की आवश्यकता हमेशा रहेगी.
आज तकनीक ने अभिनय की प्रस्तुति बदल दी है. कैमरा अधिक सूक्ष्म हो गया है, संपादन तेज हुआ है, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने कहानी की लंबाई और संरचना बदल दी है. लेकिन मनुष्य के चेहरे की जरूरत खत्म नहीं हुई. अभिनय का मूल प्रश्न आज भी वही है कि क्या अभिनेता दर्शक को विश्वास दिला सकता है कि यह पात्र सचमुच जी रहा है? बेशक, अनंत नाग का पांच दशक से अधिक लंबा जीवन इस प्रश्न का एक प्रभावशाली उत्तर है.
उनकी यात्रा में उनका हमेशा असाधारण बने रहना उनके लगातार काम करते रहने में है. उन्होंने किसी एक दौर को अपना ‘स्वर्णकाल’ घोषित करके वहीं ठहरने से इनकार किया. उन्होंने अपने करियर को एक सरल रेखा की तरह कभी नहीं रखा.1970 का दशक उन्हें समानांतर सिनेमा में देखता है.1980 का दशक उन्हें कन्नड़ सिनेमा और टेलीविजन में देखता है.1990 का दशक उन्हें लोकप्रिय फिल्मों और सार्वजनिक जीवन में देखता है.2000 के बाद वे फिर नई पीढ़ी के सिनेमा में दिखाई देते हैं.2010 और 2020 के दशक में वे वरिष्ठ अभिनेता की भूमिकाओं में भी अपनी उपस्थिति का प्रभाव बनाए रखते हैं और 2026 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार उनकी यात्रा को राष्ट्रीय स्मृति में एक औपचारिक स्थान देता है.लेकिन किसी अभिनेता की विरासत केवल पुरस्कारों से नहीं बनती. पुरस्कार किसी यात्रा को प्रमाणित कर सकते हैं; वे यात्रा का निर्माण नहीं करते.अनंत नाग की वास्तविक विरासत वे चरित्र हैं जिन्हें उन्होंने जीवित किया.
वे युवा हैं जो सपने देखते हैं.
वे पति हैं जो संबंधों को समझने की कोशिश करते हैं.
वे पिता हैं जो अपनी पीढ़ी और अगली पीढ़ी के बीच खड़े हैं. वे बुजुर्ग हैं जिनके भीतर स्मृतियों का पूरा संसार है.
वे आम आदमी हैं जो व्यवस्था से बड़ा नहीं, लेकिन उसके सामने पूरी तरह असहाय भी नहीं.वे हास्यपूर्ण पात्र हैं जिनकी कमियां उन्हें प्यारा बनाती हैं.वे गंभीर पात्र हैं जिनकी चुप्पी संवाद से अधिक कहती है और वे अभिनेता हैं जो हर भूमिका में अपने चेहरे का एक नया अर्थ खोजते हैं.इस अर्थ में अनंत नाग की अभिनय यात्रा भारतीय मध्यवर्गीय मनुष्य की भी यात्रा है. भारतीय सिनेमा ने अक्सर नायकों को असाधारण शक्ति दी है. अनंत नाग ने सामान्य मनुष्य की शक्ति दिखाई. उनकी दुनिया में मनुष्य अपनी सीमाओं के बावजूद महत्वपूर्ण है.
यही शायद उनकी लोकप्रियता की सबसे गहरी वजह है.उनके पात्र दर्शक से कहते हैं ,मैं तुम्हारी तरह हूं.और जब दर्शक किसी अभिनेता के पात्र में स्वयं को पहचान लेता है, तब अभिनेता केवल लोकप्रिय नहीं रहता; वह सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा बन जाता है.
अनंत नाग अब उसी सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा हैं.दादासाहेब फाल्के पुरस्कार इसलिए उनके लिए केवल एक और सम्मान नहीं है. यह उनकी यात्रा को भारतीय सिनेमा की व्यापक कथा में स्थापित करने वाला सम्मान है. विशेष रूप से इसलिए कि उनका अधिकांश रचनात्मक जीवन कन्नड़ सिनेमा की जमीन पर विकसित हुआ. इससे यह तथ्य भी सामने आता है कि भारतीय सिनेमा की शक्ति उसकी बहुभाषिकता में है.
डॉ. राजकुमार के बाद अनंत नाग को यह सम्मान मिलना कन्नड़ सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय क्षण है.
दोनों कलाकारों की शैलियां अलग रही हैं. डॉ. राजकुमार ने कन्नड़ सांस्कृतिक मानस में एक विराट नायक की छवि बनाई. अनंत नाग की यात्रा दूसरी दिशा में गई ,उन्होंने मनुष्य की सामान्यता को अभिनय का विषय बनाया. एक ने नायकत्व की विराटता दिखाई, दूसरे ने सामान्य मनुष्य की सूक्ष्मता को बड़ा बनाया.कन्नड़ सिनेमा की यही विविधता उसकी शक्ति है. और अनंत नाग उस विविधता के महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हैं.
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए यह भी याद रखना चाहिए कि उन्हें 2025 में पद्म भूषण मिला था और इसके बाद दादासाहेब फाल्के पुरस्कार का आना उनके राष्ट्रीय सम्मान की निरंतरता को दिखाता है.फिर भी अनंत नाग की सबसे बड़ी पहचान किसी पुरस्कार से नहीं बनेगी.
वह पहचान उस दृश्य से बनेगी जिसमें वह बिना ऊंची आवाज के कुछ कहते हैं और दर्शक देर तक उसे सुनता रहता है.उस मुस्कान से बनेगी जिसमें पूरा चरित्र छिपा होता है.उस मौन से बनेगी जिसमें संवाद से अधिक अर्थ होता है.उस साधारण चेहरे से बनेगी जिसे देखकर करोड़ों दर्शकों को अपने घर, अपने पिता, अपने भाई, अपने मित्र या स्वयं की याद आती है.
और शायद इसी कारण अनंत नाग का अभिनय समय के साथ पुराना नहीं हुआ.
सिनेमा में बहुत से अभिनेता सितारे बने और सितारे ढल गए. कुछ अभिनेता पुरस्कारों तक पहुंचे और फिर स्मृति में चले गए. कुछ अभिनेता किसी एक भूमिका के कारण अमर हुए. अनंत नाग की स्थिति अलग है. उनकी कोई एक भूमिका उनकी पूरी पहचान नहीं है. उनका पूरा कृतित्व ही उनकी पहचान है.
वह पांच दशक से अधिक लंबा एक निरंतर संवाद है जो रंगमंच से सिनेमा तक, कन्नड़ से हिंदी तक, समानांतर सिनेमा से लोकप्रिय सिनेमा तक, दूरदर्शन से डिजिटल युग तक और युवा नायक से वरिष्ठ चरित्र अभिनेता तक बना रहा है.इसलिए अनंत नाग को समझने का सबसे उपयुक्त तरीका उनकी फिल्मों की गिनती करना नहीं, बल्कि उनकी यात्रा के विस्तार को देखना है.वे उन अभिनेताओं में हैं जिन्होंने सिद्ध किया कि महान अभिनय के लिए शोर आवश्यक नहीं !लोकप्रिय होने के लिए अतिनाटकीय होना जरूरी नहीं!कि नायक बनने के लिए हमेशा असाधारण शरीर या असाधारण व्यक्तित्व जरूरी नहीं!कि क्षेत्रीय भाषा में काम करके भी राष्ट्रीय सांस्कृतिक स्मृति में जगह बनाई जा सकती है!
कि उम्र अभिनेता को समाप्त नहीं करती, यदि अभिनेता स्वयं को बदलने के लिए तैयार हो!और यह भी कि सिनेमा केवल चमक-दमक का संसार नहीं है; वह मनुष्य को समझने की कला है.
अनंत नाग ने अपने लंबे जीवन में इसी कला को साधा है.उनकी दादासाहेब फाल्के सम्मान की घोषणा इसलिए भारतीय सिनेमा की उस धारा का सम्मान भी है जिसमें अभिनय दिखावे से अधिक अनुभव है, संवाद से अधिक मौन है और स्टारडम से अधिक मनुष्यता है.
22 सितंबर 2026 को जब केवड़िया में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा, तब मंच पर केवल एक अभिनेता नहीं होगा. वहां भारतीय सिनेमा की पांच दशक से अधिक लंबी स्मृति उपस्थित होगी. रंगमंच का वह युवक उपस्थित होगा जिसने 18 वर्ष की उम्र में अभिनय शुरू किया था. श्याम बेनेगल के ‘अंकुर’ का वह चेहरा उपस्थित होगा जिसने समानांतर सिनेमा को विश्वसनीयता दी. कन्नड़ सिनेमा का वह नायक उपस्थित होगा जिसे कई पीढ़ियों ने अपना माना. ‘मालगुडी डेज’ का वह परिचित चेहरा उपस्थित होगा जो दूरदर्शन के जरिए भारतीय घरों तक पहुंचा. वह कलाकार उपस्थित होगा जिसने राजनीति का रास्ता भी देखा और फिर अभिनय की दुनिया में अपनी निरंतरता बनाए रखी. और वह वरिष्ठ अभिनेता भी उपस्थित होगा जिसने नई पीढ़ी के सिनेमा में अपने लिए जगह बनाई.
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार उनके जीवन की अंतिम पंक्ति नहीं है. बल्कि यह उस लंबी कथा में एक नया विराम है जिसकी सबसे महत्वपूर्ण विशेषता निरंतरता है.
अनंत नाग की कथा हमें यह याद दिलाती है कि सिनेमा में समय का सामना केवल लोकप्रियता से नहीं, प्रासंगिकता से किया जाता है. लोकप्रियता दर्शक देता है, लेकिन प्रासंगिकता कलाकार स्वयं अर्जित करता है. अनंत नाग ने दोनों को लंबे समय तक साथ रखा. और यही उनकी सबसे बड़ी सिनेमाई उपलब्धि है.
भारतीय सिनेमा में उनका स्थान किसी एक भाषा, किसी एक दशक या किसी एक शैली तक सीमित नहीं है. वह उस भारतीय अभिनेता की परंपरा के प्रतिनिधि हैं जो अपने पात्रों के माध्यम से देश की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को जीता है.
इसलिए अनंत नाग का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार केवल उनके अतीत का सम्मान नहीं है. यह उस अभिनय परंपरा की स्वीकृति है जो मानती है कि पर्दे पर सबसे कठिन काम किसी महान व्यक्ति का अभिनय करना नहीं, बल्कि एक साधारण मनुष्य को पूरी सच्चाई से जीना है. अनंत नाग ने यही किया है.
और शायद इसीलिए पांच दशक बाद भी उनका चेहरा पर्दे पर आते ही दर्शक को लगता है कि यह कोई अभिनेता नहीं, हमारे बीच का ही कोई व्यक्ति है.
यही किसी अभिनेता की सबसे बड़ी विजय है.
यही उसकी सबसे स्थायी विरासत है,और इसी विरासत के नाम अब भारतीय सिनेमा का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार दर्ज होने जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

