इंदौर. कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे. वह छात्रों की गूंज कार्यक्रम को संबोधित किया. राहुल गांधी ने कहा कि छात्र नफरत नहीं करते, प्रेम से संवाद करते हैं. सिस्टम नहीं, छात्र देश के भविष्य हैं. सिस्टम ही छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रहा है. छात्रों के बिना देश मजबूत नहीं बन सकता है. सवाल पूछना छात्रों का स्वभाव है. छात्र इस समय खुश नहीं हैं. छात्र दबाव में हैं. छात्रों के लिए वह सिस्टम को चुनौती दे रहे हैं. एजुकेशन छात्रों का हक है. स्टूडेंट्स के भविष्य को सिस्टम कैसे चैलेंज कर रहा है- आज छात्रों की गूंज में हम इस जरूरी मुद्दे पर बात करेंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने सिस्टम की बात की. सिस्टम हमारे खिलाफ है. एजुकेशन के खिलाफ है. देश पर सिस्टम का कब्जा है. उन्होंने सिस्टम पर फोन टैपिंग करने का भी आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम अपने लोगों को, अपने बच्चों को हर संस्था के ऊपर बैठा देता है. सिस्टम को छात्रों से खतरा है, क्योंकि छात्र सवाल पूछता है. छात्र पूछता है कि बाकी संस्थाएं क्यों नहीं काम करती है? चुनाव आयोग काम क्यों नहीं करता.
शिक्षा हिंदुस्तान के हर छात्र का हक
उन्होंने कहा कि सिस्टम अंधभक्त चाहता है. अंधभक्त छात्र विरोधी है. छात्र मोहब्बत की बात करता है. अंधभक्त नफरत फैलता है. अंधभक्त अहंकार से भरा होता है. जहां छात्र निडर होता है. वहां अंधभक्त कायर होता है. छात्र महिलाओं का सम्मान करता है और अंधभक्त महिलाओं पर अत्याचार करता है. राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम नहीं चाहता है कि छात्र सवाल पूछे. इसलिए सिस्टम अंधभक्त को प्यार करता है. अंधभक्त को प्रमोट करता है और पूरे देश में फैलता है.उन्होंने कहा कि अंधभक्त कभी भी सवाल नहीं पूछता है. कभी नहीं पूछता है कि पेपर लीक क्यों हो गये? छात्र ही यह सवाल पूछता है.
उन्होंने कहा कि सिस्टम के लोग अंधभक्त चाहते हैं, लेकिन अपने बच्चों को अंधभक्त नहीं बनाते हैं. वे अपने बच्चों को बाहर भेजेंगे पढ़ाने के लिए और इंग्लिश सिखाएंगे. छात्र देश को बनाता है. शिक्षा देश की नींव है. शिक्षा कोई लग्जरी नहीं है. शिक्षा हिंदुस्तान के हर छात्र का हक है. यह हक देना सरकार का काम है. किसी भी देश की शिक्षा का सिस्टम सरकार की जिम्मेदारी है.
शिक्षा को बर्बाद कर रही है सरकार
राहुल गांधी ने कहा कि देश में उल्टा हो रहा है. पहले 2014 में बजट का 4.6 फीसदी शिक्षा में जाता था. उसके बाद बजट कम कर 2.6 फीसदी कर दिया गया है. 0.7 लाख करोड़ रुपए जो शिक्षा में जाने थे, वे शिक्षा में नहीं गए. वे अरबपतियों के हाथ में गए. पिछले दस साल में डेढ़ करोड़ छात्रों से स्कॉलरशिप छीनी गयी है. आज हिंदुस्तान में दस लाख शिक्षकों के पद खाली हैं. शिक्षा का सिस्टम बर्बाद किया जा रहा है. शिक्षकों की भर्ती कम हो रही है.
इस कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी जेन-जी युवाओं और छात्रों के साथ संवाद करते हैं और कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक और कॉम्पिटिटिव एग्जाम जैसे खास मुद्दों पर सरकार की आलोचना करते हैं. राहुल गांधी शनिवार दोपहर को इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे. इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया. छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत कांग्रेस ने जोरदार तैयारी की. हालांकि सुरक्षा की शर्तों और तैयारियों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के साथ घमासान मचा था. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब ये आवाज दबने और थमने वाली नहीं है. जननायक राहुल गांधी के साथ देश के स्टूडेंट्स एजुकेशन सिस्टम को बदलने के लिए हुंकार भर रहे हैं.

