जबलपुर के कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे टीकमगढ़ से गिरफ्तार, दो पिस्टल मिली

जबलपुर के कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे टीकमगढ़ से गिरफ्तार, दो पिस्टल मिली

प्रेषित समय :15:55:21 PM / Sat, Sep 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात बदमाश  छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे के पिता और इनामी आरोपी शेखर चौबे को टीकमगढ़ से क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है. शेखर चौबे पर पुलिस ने 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. गिरफ्तारी के दौरान टीम ने शेखर के कब्जे से दो पिस्टल भी जब्त की हैं.

जबलपुर क्राइम ब्रांच की टीम को खबर मिली कि गैंगस्टर छोटू के पिता शेखर चौबे टीकमगढ़ में फरारी काट रहे हैं. जिसपर क्राइम ब्रांच की टीम ने टीकमगढ़ पहुंचकर एक स्थान से शेखर चौबे को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान शेखर चौबे के पास से दो लोडेड पिस्टल मिली है. गौरतलब है कि पुलिस द्वारा पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान सामने आया था कि शेखर चौबे ने फरार आरोपी शेख आदिल को छिपने के लिए मकान और संरक्षण उपलब्ध कराया था.

इसी मकान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए थे. पुलिस के अनुसार शेख आदिल पर अनिराज नायडू हत्याकांड और ग्वारीघाट में जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती में एक मकान के कमरे के लॉफ्ट में छिपे हुए गिरफ्तार किया था. पुलिस ने शेख आदिल के कब्जे से 3 देशी पिस्टलए 1 रिवॉल्वरए 4 कट्टेए 2 एयर गनए 54 जिंदा कारतूसए 68 चले हुए खाली खोखे और 23 मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए थे.

इस मामले में शेख आदिल, शेखर चौबे, छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. पुलिस जांच में सामने आया था कि शेख आदिल कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे की गैंग का सक्रिय सदस्य है. छोटू चौबे के कहने पर अनिराज नायडू की हत्या की थी. इसके अलावा रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने में भी छोटू चौबे और आदिल की भूमिका सामने आई थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-