फरीदकोट. पंजाब की फरीदकोट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन बरामद की है. पुलिस ने होंडा सिटी में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस भी बरामद हुए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुहरसहाय के गांव गूदड़ पंजगराई निवासी मंगल सिंह, जलालाबाद के गांव लमोचड़ खुर्द निवासी अंकुश, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार,बाबा फरीद आगमन पर्व को देखते हुए सीआईए स्टाफ की टीम ने इंचार्ज हाकम सिंह के नेतृत्व में सादिक-दीप सिंह वाला सड़क पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की हुई थी.
शनिवार आधी रात के दौरान दीप सिंह वाला की ओर से एक होंडा सिटी आती दिखाई दी. पुलिस कर्मचारियों ने कार को रुकने का इशारा किया. नाके के पास पहुंचते ही कार को सड़क किनारे रोक दिया गया, लेकिन उसमें सवार युवकों ने अचानक कार को पीछे मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की. इसी दौरान कार बंद हो गई. पुलिस टीम ने तुरंत कार को घेरकर चारों युवकों को काबू कर लिया.
पुलिस को कार में रखे एक गट्टे में नशीला पदार्थ होने का संदेह हुआ. इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और डीएसपी अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया गया. उनकी निगरानी में कार की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान गट्टे से हेरोइन के 42 पैकेट बरामद हुए. इन सभी पैकेटों का कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम निकला.
हेरोइन के अलावा पुलिस को कार के डैशबोर्ड में रखे एक लिफाफे से तीन विदेशी पिस्टल भी मिले. ये पिस्टल .30 बोर की हैं और इनके साथ मैगजीन तथा 15 कारतूस भी बरामद किए गए. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे फरीदकोट समेत किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था.

