मुंबई. टेलीविजन के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के 'वीकेंड का वार' एपिसोड में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का एक अलग ही रूप देखने को मिला. सोशल मीडिया पर कलाकारों और मशहूर हस्तियों को लगातार निशाना बनाने वाले ट्रोलर्स पर सलमान खान जमकर बरसे. उन्होंने बॉडी-शेमिंग और एज-शेमिंग करने वालों को करारा जवाब दिया.
अभिनेत्री कटरीना कैफ के खिलाफ सोशल मीडिया पर हुई भद्दी टिप्पणियों के बाद सलमान खान ने यह रुख अपनाया और मंच पर अपनी जैकेट और टी-शर्ट उतारकर अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया.
"दूसरों को नीचा दिखाने वाले खुद पीछे रह जाते हैं"
शो के दौरान सलमान खान ने एक प्रतिभागी (स्काउटओपी) के गेमिंग और सोशल मीडिया से जुड़े बयान का हवाला देते हुए इस विषय की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि आज के समय में कंटेंट क्रिएशन, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया लाखों लोगों के लिए रोजगार का बड़ा जरिया बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही ट्रोलिंग की एक गंभीर समस्या भी उभरी है.
सलमान ने स्पष्ट किया कि जब कोई व्यक्ति मेहनत कर सफलता हासिल करता है, तो अक्सर वही लोग उसे नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं जो खुद जिंदगी में पीछे छूट गए हैं. उन्होंने ट्रोलर्स को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे जिस व्यक्ति के लुक्स, वजन या शरीर का मजाक उड़ाते हैं, उसी के नाम पर अपना कंटेंट बनाकर पैसे भी कमाते हैं.
पर्सनल कमेंट्स और पारिवारिक रिश्तों पर उठाए सवाल
ट्रोलिंग के विभिन्न स्वरूपों पर बात करते हुए सलमान खान ने कहा कि लोग अब किसी के लुक्स, वजन, मुस्कान, असफलता या मां बनने तक पर भद्दी टिप्पणियां करने लगे हैं.
उन्होंने ट्रोलर्स को आईना दिखाते हुए कहा कि जो लोग अपनी पहचान छिपाकर दूसरों की शक्ल या शरीर पर कमेंट करते हैं, उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि अगर ऐसी ही भद्दी और अपमानजनक टिप्पणियां उनके अपने परिवार के सदस्यों—मां, बहन, पत्नी या बेटी के बारे में की जाएं, तो उन्हें कैसा महसूस होगा?
"60 का हो गया हूं" — उम्र पर कसने वालों को दिया सीधा जवाब
अपनी उम्र और लुक्स पर होने वाले कमेंट्स का जिक्र करते हुए सलमान खान ने कहा कि उनके बारे में भी लगातार लिखा जाता है कि वे अब बूढ़े हो चुके हैं.
सलमान ने इस बात को सहजता से स्वीकार करते हुए कहा, "बूढ़ा हो गया, बिल्कुल 60 साल का हो गया हूं." उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन इसे लेकर अपमानित करना गलत है. इसके बाद उन्होंने मंच पर ही अपनी टोपी, जैकेट और टी-शर्ट उतार दी और अपनी एब्स दिखाकर आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

