नोएडा. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री (नकल) करने वाले मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि का नोएडा में होने वाला कॉमेडी शो अचानक रद्द कर दिया गया है. इंदौर के एक राजनीतिक कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद उठे राजनीतिक तूफान के बीच कॉमेडियन ने खुद अपने शो के कैंसिल होने की जानकारी साझा की.
शो रद्द होने के तुरंत बाद पुलकित ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है’, जिसके बाद इंटरनेट पर शो रद्द होने के पीछे की असली वजह को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
सेक्टर-76 के क्लब में होना था शो, आयोजकों को दी तबीयत खराब होने की जानकारी
तय कार्यक्रम के अनुसार, पुलकित मणि का स्टैंडअप शो रविवार शाम को नोएडा के सेक्टर-76 स्थित ‘हाउस ऑफ एएमपी कॉमेडी क्लब’ में आयोजित होना था.
आयोजक अभिषेक साहू ने शो रद्द होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलकित ने मैसेज भेजकर अपनी तबीयत खराब होने का हवाला दिया है. हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि हालिया विवाद और किसी संभावित विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
इंदौर के कार्यक्रम से शुरू हुआ पूरा विवाद
यह पूरा घटनाक्रम 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ. मंच पर राहुल गांधी की मौजूदगी में पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण देने के अंदाज, विदेशी दौरों और वैश्विक नेताओं से उनकी बातचीत की शैली पर व्यंग्य करते हुए उनकी मिमिक्री की थी. इस दौरान मंच पर मौजूद राहुल गांधी और सामने बैठी भीड़ हंसती हुई नजर आई थी.
भाजपा ने दर्ज कराया विरोध, गर्म हुई सियासत
मिमिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा का हवाला देते हुए राहुल गांधी और कॉमेडियन दोनों को निशाने पर लिया.
‘हनी हू इज फनी’ नाम से मशहूर पुलकित मणि राजनीतिक व्यंग्य के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस घटना के बाद से उनके शो रद्द होने और उनके 'अंडरग्राउंड' होने के बयान ने राजनीतिक और सोशल मीडिया गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

