इंदौर. मध्य प्रदेश में कांग्रेस के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए आखिरकार वैन्यू तय हो गया है. लिहाजा 19 सितंबर को यह कार्यक्रम इंदौर के रीजनल पार्क स्थित आईडीए मैदान में होगा. जिसके लिए कांग्रेस इंदौर विकास प्राधिकरण को 10 लाख 50000 का किराया भी जमा कराएगी. हालांकि इस बीच चेक मान्य नहीं होने के चलते अनुमति जारी नहीं की जा सकी. रेंट मिलते ही आईडीए मैदान दे दिया जाएगा. कांग्रेस का आरोप है की भाजपा द्वारा राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर अडंगे लगाए जा रहे हैं.
नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम पर लगाई रोक
इंदौर प्रदेश का एजुकेशन हब होने के कारण कांग्रेस ने राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को शहर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था. लेकिन कांग्रेस ने 50000 युवाओं के शामिल होने की घोषणा कर दी, वहीं, इंदौर नगर निगम और जिला प्रशासन की सहमति के बिना ही स्थान की घोषणा भी कर दी. यह बात जब राज्य की भाजपा सरकार और संगठन को नागवार गुजरी तो कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं ने नेहरू स्टेडियम में राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाने संबंधी एक हाई कोर्ट के पुराने आदेश के आधार पर आपत्ति ली.
लिहाजा नगर निगम ने कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया, इसके पहले कई दिनों तक नगर निगम प्रशासन ने कांग्रेस के आवेदन को लंबित किए रखा और लगातार दलील दी गई कि इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश का अध्ययन किया जा रहा है. इस बीच बार-बार कांग्रेस द्वारा आवेदन पर निर्णय लेने का अनुरोध किया गया. लेकिन नगर निगम ने बाद में नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए एक दिन के किराए लेने की भी पेशकश ठुकराते हुए नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया.
10 लाख 50 हजार रेंट पर तय हुआ आईडीए ग्राउंड
इसके बाद कांग्रेस ने राजीव गांधी चौराहे के पास मौजूद इंदौर विकास प्राधिकरण खाली पड़े मैदान पर अनुमति चाही. तब भी कांग्रेस नेताओं को यहां की भी अनुमति मिलने में खासी परेशानी हुई. यह मैदान इंदौर विकास प्राधिकरण के अधीन होने के कारण यहां कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए शुल्क का निर्धारण किया गया, जो खासी मशक्कत के बावजूद अब करीब 10 लाख 50000 रुपए तय किया गया है. जिसके इंदौर विकास प्राधिकरण के खाते में जमा किए जाने के बाद राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को अनुमति दी जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


