गोंडा. दरभंगा से नई दिल्ली जा रही 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पर कुसमी जंगल के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया. चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर बरसने से यात्रियों में हड़कंप मच गया. पथराव में महिला यात्री समेत दो लोग घायल हो गए. घटना के बाद रेलवे महकमे में भी खलबली मच गई. ट्रेन को गोंडा स्टेशन पहुंचने पर आधे घंटे से अधिक समय तक रोककर घायलों का उपचार कराया गया. इस घटना में महिला के आंख के पास चोट लगी तो युवक की ठुड्डी फूट गई.
आरपीएफ निरीक्षक अनुरुद्ध राय को मिली जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर की शाम गोरखपुर से ट्रेन के रवाना होने के बाद आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर में तैनात कांस्टेबल तालुकदार सिंह और कांस्टेबल धर्मनाथ यादव की ड्यूटी ट्रेन संख्या 12565 में सीसी नंबर-14 के तहत गोरखपुर से आशा स्टेशन तक लगी थी. गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन पहुंचने के बाद दोनों आरपीएफ कर्मी महिला कोच में पहुंचे. यहां दरभंगा से नई दिल्ली जा रहीं इंदिरा देवी (45) घायल मिलीं.
इंदिरा देवी ने आरपीएफ कर्मियों को बताया कि कुसमी जंगल पार करने के बाद अंडरपास से पहले अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे उन्हें चोट लग गई. घटना की जानकारी एस्कॉर्ट आरपीएफ पार्टी और ट्रेन के गार्ड को भी पहले से थी. गार्ड के बगल वाले जनरल कोच में यात्रा कर रहे सुनील ठाकुर पुत्र रामचंद्र ठाकुर, निवासी माखनपुर, दरभंगा को भी पथराव में चोट लगने की जानकारी सामने आई.
रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद गोंडा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई. उप मंडलीय चिकित्सालय की डॉ. प्रतिभा सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों का उपचार किया. ट्रेन करीब 6:30 बजे गोंडा पहुंची और लगभग 7 बजे रवाना कर दी गई. उपचार के बाद यात्रियों ने खुद को ठीक बताया. घटना के बाद आरपीएफ ने कुसमी जंगल के आसपास पथराव करने वालों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. चलती ट्रेन को निशाना बनाने की इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


