पमरे जीएम ने सागर, दमोह स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा-सागर रेलखंड का किया इंस्पेक्शन, यात्री सुविधाओं की समीक्षा

पमरे जीएम ने सागर, दमोह स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा-सागर रेलखंड का किया इंस्पेक्शन, यात्री सुविधाओं की समीक्षा

प्रेषित समय :19:37:50 PM / Mon, Sep 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सोमवार, 21 सितम्बर 2026 को सागर एवं दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का रियर विंडो निरीक्षण कर रेल अधोसंरचना, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

महाप्रबंधक ने स्पेशल निरीक्षण यान से रेलखंड का निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई तथा अन्य महत्वपूर्ण संरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. उन्होंने अनुरक्षण एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन, उच्च गुणवत्ता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

सागर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा

सागर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सागर की सांसद माननीया श्रीमती लता वानखेड़े से सौजन्य भेंट की तथा स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं एवं क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव प्राप्त किए. सांसद महोदया ने महाप्रबंधक के साथ स्टेशन एवं रेलखंड पर चल रहे विभिन्न अनुरक्षण एवं अधोसंरचना कार्यों का संयुक्त निरीक्षण भी किया. महाप्रबंधक ने प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया.

आरओबी की संरक्षा व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

महाप्रबंधक ने सागर–नारियावली के मध्य स्थित आरओबी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने निर्धारित संरक्षा मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

दमोह स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) (सीएओ/सी), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी , मुख्य ब्रिज इंजीनियर (सीबीआई) एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-