जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जबलपुर में क्राइम ब्रांच और तिलवारा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 978 ग्राम गांजा और एक मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार लम्हेटा बायपास के आगे अमर टायर वाले के टपरे के पास देर रात दो युवक नीले रंग का पि_ू बैग लेकर खड़े थे, इस दौरान पुलिस पहुंच गई, जिसे देख दोनों ने दौड़ लगा दी। पुलिस ने संदेह होने पर दोनों युवकों को पीछा करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम हिमांशु कश्यप (21) और दिनेश गौड़ ठाकुर (28) बताए। दोनों क्रेशर बस्ती तिलवारा के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान दिनेश के बैग से एक बड़ा पैकेट मिला, जिसमें दो छोटे पैकेट में गांजा रखा था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे क्रेशर बस्ती निवासी प्रेम बर्मन के कहने पर उड़ीसा के तितलागढ़ गए थे। वहां रेलवे स्टेशन पर शंभू नाम के व्यक्ति ने उन्हें गांजा दिया। पुलिस के अनुसार, गांजे की रकम प्रेम बर्मन ने ऑनलाइन भेजी थी। दोनों आरोपी गांजा लेकर ट्रेन से नागपुर पहुंचे और वहां से बस के जरिए जबलपुर आए थे। इसके बाद वे गांजा लेकर लम्हेटा बायपास पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस अब गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में मुख्य आरोपी प्रेम बर्मन और उड़ीसा के सप्लायर शंभू की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
उड़ीसा से गांजा खेप लेकर जबलपुर आए दो तस्कर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी और सप्लायर की तलाश
प्रेषित समय :17:22:30 PM / Mon, Sep 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



