नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा. तीनों राज्यों में मतदान 16 अक्टूबर 2026 को होगा और मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना शुरू कर दी जाएगी.
आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है. इन सीटों को भरने के लिए चुनाव कराया जा रहा है. वहीं, पश्चिम बंगाल की एक सीट सदस्य रुक्मिणी मल्लिक के 16 जुलाई 2026 को इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी. इस सीट का कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था. रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव होगा.
चुनाव आयोग 29 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी करेगा. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे.
16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी. आयोग के अनुसार, पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


