चंडीगढ़. पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा वित्तीय लाभ देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वित्त विभाग ने बुधवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं. इस ताजा फैसले के बाद कर्मचारियों का मौजूदा महंगाई भत्ता 42 प्रतिशत से बढ़कर सीधे 50 प्रतिशत के आंकड़े पर पहुंच गया है. सरकार के इस कदम से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा.
1 सितंबर से लागू, इसी माह की सैलरी में जुड़कर आएगा बढ़ा हुआ डीए
वित्त विभाग की फाइनेंस पर्सनल-1 शाखा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, बढ़ा हुआ डीए 1 सितंबर 2026 से प्रभावी माना जाएगा. इसका सीधा मतलब है कि कर्मचारियों को सितंबर माह के वेतन के साथ ही 50 प्रतिशत की संशोधित दर से भुगतान किया जाएगा. आगामी त्योहारी सीजन से ठीक पहले सरकार के इस फैसले से मुलाजिम वर्ग में खुशी की लहर दौड़ गई है.
प्रशासनिक सचिवों से लेकर सभी ट्रेजरी अधिकारियों को निर्देश जारी
वित्त विभाग के आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अब कर्मचारियों को उनके मूल वेतन (बेसिक पे) पर 50 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता देय होगा. विभाग ने इस आदेश की प्रतियां सभी विशेष मुख्य सचिवों, अतिरिक्त मुख्य सचिवों, वित्तीय आयुक्तों, प्रमुख सचिवों, प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और सभी डिप्टी कमिश्नरों को भेज दी हैं. इसके साथ ही राज्य के सभी जिला खजाना अधिकारियों (ट्रेजरी ऑफिसर्स) को भी त्वरित निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि सितंबर माह के पे-रोल में नई दरों के मुताबिक वेतन बिल तैयार कर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

