जबलपुर. एमपी के जबलपुर में धनवंतरी नगर स्थित जसूजा सिटी फेज-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब वह महाआरती में शामिल होने के बाद दोस्तों के साथ घर लौट रहा था.
पंडाल के पास लगे एक खंभे में करंट आ रहा था. किशोर के संपर्क में आते ही वह जमीन पर गिर गया. मौके पर मौजूद लोग उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान शौर्य चनपुरिया के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक जसूजा सिटी फेज-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया था. शौर्य अपने दोस्तों के साथ आरती में शामिल होने आया था. आरती के बाद वह दोस्तों के साथ पंडाल में ही मौजूद था. रात में घर जाने के लिए जैसे ही वह पंडाल से निकला, मंच के एक खंभे के संपर्क में आ गया. खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था. करंट लगते ही शौर्य जमीन पर गिर पड़ा.
टेबल उठाते समय दोस्त को भी लगा झटका-
दोस्तों ने बताया कि शौर्य कोचिंग से आने के बाद उनके साथ बैठा था. इसी दौरान दोस्त की मां के जन्मदिन के कारण वहां भंडारे और अन्य आयोजन की तैयारी चल रही थी. जब वह टेबल उठा रहा था, तभी उसे करंट महसूस हुआ. वह इसकी जानकारी अपने दोस्त को देने गया. इसी बीच शौर्य पंडाल के पास पड़ा दिखाई दिया. अज्जू ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि शौर्य मजाक कर रहा है. जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो उन्हें भी करंट का झटका लगा. इसके बाद तुरंत शौर्य को अस्पताल ले जाया गया.
कक्षा 11वीं में पढ़ता था शौर्य-
मृतक के बड़े पिता डॉ. शिशिर चनपुरिया ने बताया कि शौर्य 16 वर्ष का था और लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था. उन्होंने बताया कि गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने के बाद शौर्य घर लौट रहा था, तभी उसे करंट लग गया. उसे बचाने की कोशिश कर रहे बच्चों को भी करंट का झटका लगा. डॉ. चनपुरिया ने आरोप लगाया कि खुले स्थान पर करंट का प्रवाह होना गंभीर लापरवाही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि इस तरह लोगों की जिंदगी खतरे में डाली जा रही है.
पुलिस बोली- खंभे में पहले से आ रहा था करंट-
जानकारी मिलने पर धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि जसूजा सिटी फेज-3 में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी और वहां महाआरती का आयोजन था. रात करीब 9.30 बजे सूचना मिली कि एक युवक को करंट लगने के बाद मेडिकल अस्पताल लाया गया है. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक खंभे में करंट आ रहा था और शौर्य ने घर जाते समय उसे छू लिया. समिति से जुड़े लोगों ने पुलिस को बताया है कि खंभे में पहले से करंट आने की जानकारी थी और टेंट लगाने वाले व्यक्ति को भी इसकी सूचना दी गई थी. हालांकि, इस मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई, इसकी जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

