सूरत. गुजरात के सूरत जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां कामरेज के पास एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़े डंपर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
बता दें कि जिले के कामरेज के पास एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हुआ.प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक तकनीकी खराबी की वजह से हुआ. एक्सप्रेसवे से गुजर रहे एक भारी-भरकम डंपर में अचानक एयर प्रेशर से जुड़ी गंभीर यांत्रिक समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसके कारण वाहन आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया. ऐसी आपातकालीन स्थिति में डंपर चालक ने किसी तरह गाड़ी को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया था.
इसी बीच, पीछे से बेहद तेज गति से आ रही एक टाटा हैरियर कार के चालक को सामने खड़े डंपर का अंदाजा नहीं लग सका. तेज रफ्तार और अचानक सामने आई रुकावट के कारण कार चालक अपना नियंत्रण पूरी तरह खो बैठा. वाहन की गति इतनी तेज थी कि ऐन वक्त पर ब्रेक लगाने के बावजूद गाड़ी थमी नहीं और सीधे सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी. यह टक्कर इतनी भीषण और जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.
4 लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम
इस घटना को देखने वालों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार में सवार चारों लोगों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राजीव जैन, जयंती दोषी, प्रवीण जैन और संजय खेमचंद के रूप में हुई है. सभी की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, राजस्थान मूल के राजीव जैन मुंबई में आभूषण की दुकान चलाते थे. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

