बिलासपुर. दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर बह गए. घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ बच्चों की तलाश शुरू कराई. बाद में SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.
नहाने के दौरान गहरे पानी में फिसला संतुलन
जानकारी के अनुसार, मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने गए थे.
बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों ऐसे हिस्से में पहुंच गए, जहां पानी काफी गहरा था और नदी में गड्ढा था. इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे.
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों बच्चे पानी में लापता हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी नदी किनारे पहुंच गए. सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू कराया. स्थानीय लोग भी नदी के आसपास संभावित स्थानों पर बच्चों को खोजते रहे.
बाद में SDRF की टीम को बुलाया गया. टीम ने नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
गोताखोरों के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने की मांग की. मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि हादसे के काफी समय बाद तक गोताखोर नहीं पहुंच पाए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने से परिजनों और मोहल्लेवासियों में नाराजगी देखी गई. लोगों ने बचाव दल को जल्द मौके पर पहुंचाने और तलाश अभियान तेज करने की मांग की.
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम दोनों बच्चों की तलाश में जुटी है. नदी के संभावित गहरे हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

