वृद्धाश्रम में नजर आए विनोद कांबली, बोले- ‘घर से दूर होने का एहसास नहीं होता’

वृद्धाश्रम में नजर आए विनोद कांबली, बोले- ‘घर से दूर होने का एहसास नहीं होता’

प्रेषित समय :18:11:57 PM / Sat, Sep 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कांबली ठाणे स्थित ‘निदान सेंटर फॉर एल्डरली केयर’ में नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद उनके स्वास्थ्य और निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है.

वीडियो में कांबली वहां मिलने वाली सुविधाओं और लोगों के व्यवहार के बारे में बात करते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें यहां अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं और लोगों से प्यार व सम्मान भी मिल रहा है. कांबली ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होता कि वह अपने घर से दूर हैं.

हालांकि, कांबली वृद्धाश्रम में रहने के लिए गए हैं या वहां केवल किसी मुलाकात अथवा कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंचे थे, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

स्वास्थ्य और निजी जिंदगी को लेकर पहले भी चर्चा में रहे
विनोद कांबली पिछले कुछ समय से अपने स्वास्थ्य और निजी जिंदगी से जुड़ी खबरों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. इससे पहले उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिनमें उन्हें चलने में परेशानी होती दिखाई दी थी.

कांबली के करीबी दोस्त मार्कस कूटो ने पहले उनकी स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति को लेकर चिंता जताई थी. उनके मुताबिक, कांबली की याददाश्त कमजोर होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी होती है. कूटो ने यह भी दावा किया था कि कांबली ने शराब छोड़ दी है, लेकिन कई बार वह धूम्रपान से बचने की बात भूल जाते हैं.

भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले
विनोद कांबली ने 1993 से 2000 के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले.

टेस्ट क्रिकेट में कांबली ने 4 शतकों की मदद से 1,084 रन बनाए. वहीं वनडे में उनके नाम 2,477 रन हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं.

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी रहा शानदार रिकॉर्ड
कांबली का घरेलू क्रिकेट करियर भी प्रभावशाली रहा. उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9,665 रन बनाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 262 रन रहा.

घरेलू क्रिकेट में वह आखिरी बार 2004 में नजर आए थे. भारतीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बनाने वाले कांबली का मौजूदा वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-