दिल्ली: डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, सवाल पूछने पर हुआ विवाद, हो रही आलोचना

दिल्ली: डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, सवाल पूछने पर हुआ विवाद, हो रही आलोचना

प्रेषित समय :17:47:42 PM / Sun, Sep 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. दिल्ली के तिलक नगर में निर्माणाधीन सड़क के निरीक्षण के दौरान रविवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक जरनैल सिंह के बीच सड़क की गुणवत्ता को लेकर तीखी बहस हो गई. इस दौरान उप मुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा एक लड़के को थप्पड़ मार दिया. इसी दौरान एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने का वीडियो सामने आया है. आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि थप्पड़ मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को मारा.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, सड़क की गुणवत्ता को लेकर कुछ स्थानीय लोग सवाल उठा रहे थे और निर्माण कार्य की स्थिति का वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया. इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया.

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि युवक सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर वीडियो बना रहा था और इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई. भारद्वाज ने घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की है.

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि वह सोमवार को तिलक नगर जाकर सड़क का निरीक्षण करेंगे. केजरीवाल ने सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया है.

बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर पहले से सवाल उठ रहे थे. निरीक्षण के दौरान आप विधायक जरनैल सिंह और मंत्री प्रवेश वर्मा के बीच इसी मुद्दे पर बहस हुई. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

फिलहाल सामने आए वीडियो और राजनीतिक दलों के आरोपों के आधार पर घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. युवक की ओर से पुलिस में शिकायत और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद तस्वीर और साफ हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-