बिलासपुर. सकरी इलाके के चोरभट्टी गांव में रात के समय राहगीरों को डराने का मामला सामने आया है. कुछ नाबालिग युवक कथित तौर पर भूत का रूप बनाकर सड़क से गुजरने वाले लोगों के सामने अचानक पहुंच जाते थे. इस दौरान उनका एक साथी मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करता था.
राहगीरों को डराने की इन घटनाओं से गांव के कई लोग परेशान और भयभीत हो गए थे. मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने कुछ बच्चों को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी.
डायल 112 की टीम पहुंची मौके पर
सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कोटा रोड पर कुछ लोग भूत बनकर राहगीरों को डरा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. वहां ग्रामीणों ने कुछ नाबालिगों को पकड़ रखा था. बच्चों के परिजन भी मौके पर मौजूद थे.
सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना था उद्देश्य
पूछताछ के दौरान सामने आया कि बच्चे राहगीरों को डराने की हरकत मनोरंजन और वीडियो बनाने के उद्देश्य से कर रहे थे. वे भूत का रूप धारण कर सड़क से गुजरने वाले लोगों के सामने अचानक आ जाते थे. इसी दौरान उनका साथी मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करता था.
पुलिस की पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि इस मामले में शामिल सभी बच्चे नाबालिग हैं.
ग्रामीणों ने थाने में नहीं दी शिकायत
डायल 112 की टीम ने ग्रामीणों से मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराने के लिए कहा. हालांकि, गांव का मामला होने और नाबालिगों के शामिल होने के कारण किसी ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत नहीं दी.
इसके बाद पुलिस ने बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उन्हें समझाइश दी. पुलिस ने भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करने और राहगीरों को परेशान नहीं करने की हिदायत दी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

