‘मोटी’ लिखे ब्लाउज में शो में पहुंचीं स्वरा भास्कर, वीरेंद्र सहवाग ने पूछा सवाल तो दिया ट्रोल्स को जवाब

‘मोटी’ लिखे ब्लाउज में शो में पहुंचीं स्वरा भास्कर, वीरेंद्र सहवाग ने पूछा सवाल तो दिया ट्रोल्स को जवाब

प्रेषित समय :17:15:37 PM / Sun, Sep 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ की शुरुआत के साथ ही कंटेस्टेंट्स के बीच विवाद और तीखी बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया है. शो में अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी हिस्सा लिया है. हालांकि, उनकी एंट्री से ज्यादा चर्चा उनके खास ब्लाउज की हो रही है, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘मोटी’ लिखा नजर आया.

शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग की नजर भी स्वरा के ब्लाउज पर पड़ी. उन्होंने अभिनेत्री से इस शब्द को लेकर सवाल किया. इसके जवाब में स्वरा ने बताया कि यह उनके लिए ट्रोलिंग का जवाब देने का एक तरीका है.

बेटी के जन्म के बाद बढ़े वजन को लेकर हुई ट्रोलिंग
स्वरा के मुताबिक, बेटी के जन्म के बाद उनका वजन बढ़ा और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार शरीर को लेकर टिप्पणियों का सामना करना पड़ा. अभिनेत्री ने बताया कि इंटरनेट पर उन्हें ‘मोटी’ के अलावा कई दूसरे आपत्तिजनक नामों से भी संबोधित किया गया.

स्वरा ने इसी वजह से ‘मोटी’ शब्द को अपने ब्लाउज पर लिखवाकर उसे छिपाने के बजाय खुलकर सामने रखने का फैसला किया.

‘आपके शब्दों को अब स्वीकार करती हूं’
शो में स्वरा ने बताया कि उनकी बेटी तीन साल की है और उसके जन्म के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार बॉडी शेमिंग का सामना करना पड़ा. उनके अनुसार, ट्रोल्स ने उन्हें वजन को लेकर अलग-अलग नामों से बुलाया.

अभिनेत्री ने कहा कि अब उन्होंने उन्हीं शब्दों को अपने तरीके से अपनाने का फैसला किया है. ‘मोटी’ लिखा ब्लाउज इसी सोच का हिस्सा था, जिसके जरिए वह ट्रोलिंग का जवाब देना चाहती थीं.

शो के पहले दिन ही स्वरा और शहजाद के बीच बहस
‘राइज एंड फॉल 2’ में स्वरा भास्कर के अलावा करण पटेल, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हैं.

शो के शुरुआती एपिसोड में ही स्वरा और शहजाद पूनावाला के बीच तीखी बहस देखने को मिली. बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर तंज कसे. इस दौरान शहजाद ने स्वरा के पति फहद अहमद का भी जिक्र किया, जिसके बाद चर्चा और आगे बढ़ गई.

शो की शुरुआत के साथ ही कंटेस्टेंट्स के बीच रणनीति, मतभेद और बहस का दौर देखने को मिल रहा है. ऐसे में आने वाले एपिसोड में स्वरा की मौजूदगी से शो का माहौल और दिलचस्प होने की उम्मीद है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-