जबलपुर रेल मंडल के सागर रनिंग रूम में लगी आग, सो रहे रनिंग कर्मचारी बाल-बाल बचे

जबलपुर रेल मंडल के सागर रनिंग रूम में लगी आग, सो रहे रनिंग कर्मचारी बाल-बाल बचे

प्रेषित समय :16:56:40 PM / Sun, Sep 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पमरे के जबलपुर मंडल के सागर स्टेशन स्थित रनिंग रूम (विश्राम गृह) में तड़के भीषण आग लग गई. घटना उस रूम में हुई, जिसमें एलपी व एएलपी गहरी नींद में सो रहे थे. इस घटना से अफरातफरी मच गई. रेस्ट कर रहे कर्मचारी बाहर की ओर भागे. रेल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं. रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तड़के 2.40 बजे के लगभग सागर रनिंग रूम में अचानक एसी में आग लग गई, जो फैलने लगी और केबल भी धू-धूकर जलने लगा. शक्तिपुंज नामक कमरे में धुआं भरने से वहां विश्राम कर रहे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई और वे चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे और पूरे रनिंग रूम में रुके कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया. इस घटना में 2 एसी, केबल वायर, 2 पलंग, गद्दे आदि का नुकसान हुआ है.

घटना की सूचना तुरंत ही फायर ब्रिगेड को दी गई है. जिसके बाद मौके पर दमकल कर्मी पहुंचते उसके पहले ही रेल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया. घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, किंतु रेलवे को आर्थिक नुकसान पहुंचा है. आग लगने का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है.

जबलपुर से एडीआरएम व अन्य अधिकारी सागर पहुंचे

घटना की जानकारी जबलपुर में रेल प्रशासन को लगी, जिसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अभय कुमार गुप्ता, सीनियर डीईई (जनरल), सीनियर डीईई (टीआरओ) सड़क मार्ग से सागर पहुंचे और रनिंग रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिये हैं. साथ ही भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए कड़े प्रबंध करने के भी निर्देश दिये हैं.

इनका कहना-
-सागर रनिंग रूम के एक कमरे में एसी में आग लगने की घटना हुई है. इस घटना में किसी कर्मचारी को नुकसान नहीं हुआ है. संभवत: शॉर्ट सर्किट से घटना हुई है. जांच की जा रही है.
डा. मधुर वर्मा, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, पमरे, जबलपुर.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-