जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा से अपने घर पान उमरिया लौट रहे प्रीतम सिंह की कार में अचानक आग लग गई. कार में आग लगते देख प्रीतम सिंह व उनकी पत्नी ने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फायर बिग्रेड बुलाकर आग बुझाई गई. एएसआई प्रीतम सिंह सिहोरा में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर पान उमरिया लौट रहे थे. इस दौरान यह हादसा हुआ है.
बताया गया है कि दमोह की जिला जेल में एएसआई के पद पर पदस्थ प्रीतम सिंह अपनी स्विफ्ट कार से पत्नी को लेकर सिहोरा एक कार्यक्रम में आए थे. कार्यक्रम में शामिल होकर वे रात को ही अपने घर पान उमरिया के लिए रवाना हो गए. जब वे सिहोरा क्षेत्र के ग्राम मौशम से आगे बढ़ रहे थे. तभी कार के सामने हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया. जिससे प्रीतमसिंह घबरा गए और तत्काल कार रोककर पत्नी के साथ बाहर आ गए. उन्होने तत्काल सिहोरा पुलिस को खबर दी.
इधर कार में आग भड़क गई, जिसकी लपटें उठते देख राह चलते लोग भी रुक गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड की मदद से कार मेें लगी आग पर काबू पाया. उस वक्त तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. पुलिस का कहना है कि चलती कार में अचानक आग कैसे लगी यह जांच का विषय है, ऐसा प्रतीत होता है कि तकनीकि खराबी या शार्ट सर्किट होने से हादसा हुआ है. आखिर किस वजह से लगी. आग लगने का कारण तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

