एमपी : भोपाल में दर्दनाक हादसा, बिजली पोल में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आने से भाजपा नेता की मौत

एमपी : भोपाल में दर्दनाक हादसा, बिजली पोल में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आने से भाजपा नेता की मौत

प्रेषित समय :09:49:52 AM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. राजधानी भोपाल से रविवार रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एमपी नगर थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से मौत हो गई. दिव्यऋषि तिवारी अपने परिवार के साथ एक मॉल में शॉपिंग करने पहुंचे थे. इस दौरान सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया और वे मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े. ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बच नहीं पाए.

जानकारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी अपने परिवार के साथ एक मॉल में शॉपिंग करने पहुंचा था, इस दौरान मॉल के बाहर बिजली पोल की चपेट में आने से दिव्यऋषि तिवारी को करंट लग गया. जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना देख तुरंत ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और दिव्यऋषि को सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया.

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सीपीआर देने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की. जिसके बाद दिव्यऋषि तिवारी को उपचार के लिए एम्स भोपाल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और वहां करंट फैलने की स्थिति को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

मृतक के परिजन का आरोप है कि, अगर पोल में करंट था तो उसे लेकर संबंधित विभाग की ओर से सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए. एमपी नगर थाना के टीआई जयहिंद शर्मा ने कहा, करंट पोल में कैसे आया और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. हादसे की सूचना के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और परिचितों में भी शोक की लहर है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-