जबलपुर : शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद, सभी लेन फ्री, अब नहीं लगेगा यूजर चार्ज

जबलपुर : शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद, सभी लेन फ्री, अब नहीं लगेगा यूजर चार्ज

प्रेषित समय :10:38:21 AM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे के शहपुरा रेल ओवर ब्रिज के एप्रोच के क्षतिग्रस्त होने के बाद बदली यातायात व्यवस्था के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली अस्थायी रूप से बंद कर दी है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शहपुरा टोल प्लाजा की सभी लेन टोल फ्री कर दी गई हैं.

इनमें फास्टटेग लेन भी शामिल हैं. अब किसी भी श्रेणी के वाहन से यूजर फीस नहीं ली जाएगी. शहपुरा आरओबी का एप्रोच क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है. वर्तमान में मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी) द्वारा आरओबी के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण का काम कराया जा रहा है. इससे जुड़े संरचनात्मक और सिविल कार्य चल रहे हैं.

टोल बंद, लेकिन व्यवस्थाएं रहेंगी चालू

टोल वसूली स्थगित रहने के दौरान शहपुरा टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन टोल प्लाजा की व्यवस्थाएं जारी रहेंगी. प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, फास्टटेग, एनएनपीआर और वीआइएम सिस्टम के साथ साइनेज सहित अन्य जरूरी परिसंपत्तियों का रखरखाव किया जाएगा.

वाहन चालकों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा पर यातायात संचालन भी जारी रहेगा. बता दे कि मप्र लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहपुरा टोल को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखा था जिसके बाद केंद्रीय स्तर पर यह निर्णय लिया गया.

रोजाना सात लाख रुपये का नुकसान

एनएचएआई के अनुसार आरओबी के एप्रोच का पुनर्निर्माण पूरा होने और आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा. इसके बाद शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली दोबारा शुरू करने को लेकर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा. शहपुरा आरओबी से - शहपुरा के मगरमुहां में एनएचएआइ (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के टोल को नुकसान उठाना पड़ रहा है. भोपाल की तरफ जाने वाले वाहनों को अन्य मार्ग से निकलना पड़ रहा है. इस वजह से मगरमुहां टोल नाके पर हर दिन करीब सात लाख रुपये का नुकसान हो रहा है. हालांकि ब्रिज टूटने के बाद वाहनों की आवाजाही 10 प्रतिशत रह गई थी, ऐसे में टोल कलेक्शन भी बहुत कम रह गया था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-