जबलपुर. नागपुर-रीवा हाईवे के खजरी-खिरिया बायपास क्षेत्र में मंगलवार शाम जल आपूर्ति की मुख्य राइजिंग लाइन अचानक फट गई. पाइपलाइन फटते ही तेज दबाव के साथ पानी का फव्वारा निकलने लगा और कुछ ही देर में हाईवे पर पानी भर गया. सड़क पर करीब 20 से 25 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा उठता दिखाई दिया. घटना के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया और करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया. घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.
सड़क पर बहता रहा पानी, वाहन फंसे
अमखेरा से बायपास को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पाइपलाइन फटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने लगा. तेज बहाव के कारण सड़क का एक हिस्सा जलमग्न हो गया. इस दौरान कार, ट्रक, ऑटो और दोपहिया वाहन पानी के बीच फंसते नजर आए. मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन से काफी देर तक तेज दबाव के साथ पानी निकलता रहा. इससे बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हुआ और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सूचना मिलने के बाद नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा. पाइपलाइन की स्थिति देखने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से लाइन को बंद करने की कार्रवाई शुरू की गई. लाइन का प्रवाह नियंत्रित होने के बाद सड़क पर पानी का बहाव कम हुआ और धीरे-धीरे यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया. इसके बाद करीब एक किलोमीटर लंबे जाम से वाहन चालकों को राहत मिली.
नगर निगम के जल प्रभारी कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार राइजिंग लाइन टूटने के कारण फिलहाल कुगवां, खैरी, सुहागी, अमझेरा, शिवनगर और किलकारी गार्डन क्षेत्र की जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी. इन क्षेत्रों की पानी की टंकियां राइजिंग लाइन की मरम्मत के बाद ही पूरी तरह भर सकेंगी.
24 घंटे में दूसरी बार टूटी राइजिंग लाइन
राइजिंग लाइन टूटने की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब शास्त्री नगर के पास रमनगरा क्षेत्र में भी राइजिंग लाइन की मरम्मत की गई थी. वहां मरम्मत के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि खजरी-खिरिया क्षेत्र में मुख्य पाइपलाइन फट गई. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से जल आपूर्ति व्यवस्था और पाइपलाइन की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
नगर निगम की टीम अब पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी है. मरम्मत पूरी होने के बाद ही प्रभावित क्षेत्रों में पानी की टंकियां भरने और नियमित जल वितरण बहाल होने की स्थिति स्पष्ट होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

