जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को लेकर संवेदनशीलता के साथ त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. इसी क्रम में प्रयागराज से मुंबई एलटीटी जा रही गाड़ी संख्या 12294 प्रयागराज जंक्शन दूरंतो में यात्रा कर रहे एक वृद्ध यात्री को आवश्यकता पड़ने पर जबलपुर स्टेशन पर समय पर ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया.
गाड़ी में यात्रा कर रहे यात्री के लिए रेल मदद 139 के माध्यम से डॉक्टर कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें यात्री को ऑक्सीजन की आवश्यकता होने की सूचना दी गई. सूचना प्राप्त होते ही जबलपुर रेल मंडल द्वारा तत्काल अनन्या क्लिनिक से संपर्क कर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कराई गई.
गाड़ी के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट निखिल शुक्ला एवं अनन्या क्लिनिक के स्टाफ अतुल राव द्वारा यात्री को अटेंड किया गया. यात्री के कोच ्र-2 की बर्थ संख्या 43 तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई. रेलवे की त्वरित कार्रवाई, स्टेशन स्टाफ एवं मेडिकल टीम के समन्वय से यात्री को समय पर आवश्यक ऑक्सीजन सहायता मिल सकी.
जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेल मदद 139 के माध्यम से प्राप्त यात्रियों की स्वास्थ्य एवं सहायता संबंधी सूचनाओं पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है.

